लाडो लक्ष्मी योजना का बढ़ेगा दायरा, 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाएं भी होंगी पात्र

 
लाडो लक्ष्मी योजना का बढ़ेगा दायरा, 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाएं भी होंगी पात्र

 **

*17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन, 27 सितंबर तक लगेंगे विशेष शिविर*

गुरुग्राम, 16 सितंबर- एडीसी सोनू भट्ट ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा माताओं-बहनों को दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत प्रतिमाह 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है। अब तक एक लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाओं को योजना का लाभ मिल रहा था। अब योजना का दायरा बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाओं को भी इसमें शामिल किया जाएगा। इसके लिए पात्र महिलाओं का रजिस्ट्रेशन 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ से शुरू किया जाएगा।

जिला समाज कल्याण अधिकारी सरफराज खान ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में करीब 80,700 संभावित मामले हैं। पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए जिला स्तर के साथ-साथ उपमंडल स्तर पर भी विशेष शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिले में अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को योजना से जोड़ने के लिए 17 सितंबर से 27 सितंबर तक विशेष पंजीकरण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तर पर विकास सदन स्थित अंत्योदय भवन में तथा बादशाहपुर, मानेसर, पटौदी और सोहना उपमंडल में एसडीएम कार्यालयों में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इन शिविरों में पात्र महिलाओं को योजना की पात्रता, लाभ और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ-साथ रजिस्ट्रेशन करवाने में आवश्यक सहायता भी उपलब्ध करवाई जाएगी। एडीसी सोनू भट्ट ने जिले की पात्र माताओं-बहनों से अपील की कि वे योजना का लाभ लेने के लिए अपना रजिस्ट्रेशन अवश्य करवाएं। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।