16 नवंबर से 15 दिसंबर तक चलेगा “सुरक्षित जननी माँ” अभियान : डॉ जयंत आहूजा

 
16 नवंबर से 15 दिसंबर तक चलेगा “सुरक्षित जननी माँ” अभियान : डॉ जयंत आहूजा

गर्भवती महिलाओं की गुणवत्तापूर्ण प्रसव-पूर्व जांच, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की पहचान एवं प्रबंधन पर रहेगा विशेष फोकस

फरीदाबाद, 12 नवंबर।

हरियाणा सरकार द्वारा गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा मातृ मृत्यु दर को कम करने के उद्देश्य से 16 नवंबर 2026 से 15 दिसंबर 2026 तक “सुरक्षित जननी माँ” अभियान चलाया जा रहा है। यह जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जयंत आहूजा ने बताया कि अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं की गुणवत्तापूर्ण प्रसव-पूर्व जांच (ANC), उच्च जोखिम गर्भावस्था (HRP) वाली महिलाओं का पंजीकरण, स्क्रीनिंग तथा जोखिम कारकों का समय पर प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा।

अभियान की जिला नोडल अधिकारी डॉ. रचना ने बताया कि अभियान के तहत जिला नागरिक अस्पताल, एफआरयू-1, एफआरयू-2, मेवला महाराजपुर, खेड़ी कलां तथा उप-मंडलीय अस्पताल (SDH) में प्रतिदिन स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य है कि एक माह की अवधि के दौरान प्रत्येक गर्भवती महिला की कम से कम एक बार स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं एलएमओ द्वारा जांच अवश्य की जाए, ताकि गर्भावस्था के दौरान किसी भी संभावित जोखिम की समय रहते पहचान कर आवश्यक उपचार एवं प्रबंधन किया जा सके।

स्वास्थ्य जांच शिविरों में गर्भवती महिलाओं के आवश्यक परीक्षण किए जाएंगे, जिनमें हीमोग्लोबिन (Hb), ब्लड ग्रुप, यूरिन शुगर, एल्बुमिन, HBsAg, HIV, HCV तथा ओरल ग्लूकोज टॉलरेंस टेस्ट (OGTT) शामिल हैं। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं को आहार एवं दवाइयों के संबंध में आवश्यक परामर्श दिया जाएगा तथा सरकार द्वारा संचालित निःशुल्क 112 एम्बुलेंस सेवा की उपलब्धता एवं उपयोग के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

उच्च जोखिम गर्भावस्था (HRP) वाली महिलाओं की सुरक्षित डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए उन्हें किसी एक निर्धारित फर्स्ट रेफरल यूनिट (FRU) से लिंक किया जाएगा तथा इसका रिकॉर्ड भी रखा जाएगा। इससे प्रसव के समय गर्भवती महिला को अलग-अलग स्वास्थ्य संस्थानों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और समय की बचत के साथ वह सीधे निर्धारित FRU में पहुंच सकेगी।

अभियान के दौरान प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट राज्य मुख्यालय को भेजी जाएगी। राज्य मुख्यालय द्वारा 104 हेल्पलाइन के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को रैंडम कॉल कर अभियान के तहत उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी एवं फीडबैक भी लिया जाएगा। पूरे अभियान की निगरानी राज्य मुख्यालय द्वारा की जाएगी।

“सुरक्षित जननी माँ” अभियान का मुख्य उद्देश्य “शून्य रोकी जा सकने योग्य मातृ मृत्यु” (Zero Preventable Maternal Death) सुनिश्चित करना है। इसके लिए गुणवत्तापूर्ण ANC जांच, गर्भावस्था से जुड़े जोखिमों की समय पर पहचान तथा उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं का उचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी गर्भवती महिलाओं से अपील की है कि वे अभियान के दौरान अपने नजदीकी स्वास्थ्य जांच शिविर में पहुंचकर आवश्यक जांच अवश्य करवाएं तथा चिकित्सकों द्वारा दिए गए परामर्श एवं निर्देशों का पालन करें। समय पर जांच और उचित उपचार से गर्भावस्था से जुड़े गंभीर जोखिमों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।