अगस्त माह में जिला के चयनित गांवों में होंगे राष्ट्रीय सांख्यिकीय सर्वेक्षण

 

 


- केंद्रीय सांख्यिकी विभाग ने नागरिक से की सहयोग की अपील
भिवानी, 5 अगस्त। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) द्वारा अगस्त माह के दौरान जिला भिवानी  के चयनित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विभिन्न राष्ट्रीय सांख्यिकीय सर्वेक्षण कराए जाएंगे। इन सर्वेक्षणों का उद्देश्य परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति से संबंधित विश्वसनीय आंकड़े एकत्रित कर योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण में उनका उपयोग करना है।


एनएसओ द्वारा प्रवासन संबंधी विवरण सर्वेक्षण हालुवास व रतेरा तथा आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) डाभ ढ़ाणी 141 तथा लोहारू क्षेत्र में किया जाएगा। वहीं अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण के तहत पहलादगढ़, प्रेमनगर, बवानी खेड़ा और भिवानी क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इसके अलावा वार्षिक असंगठित सेवा उद्यम सर्वेक्षण (एएसयूएसई) भिवानी शहर के जूई कलां-67 में तथा उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) संबंधी सर्वेक्षण कुड़ल, कितलाना, दिनोद और बड़सी गांवों में संचालित होगा।


राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी अनुसार सर्वेक्षण के लिए चयनित परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से अधिकृत अधिकारी जानकारी एकत्र करेंगे। सर्वेक्षण के दौरान प्राप्त सभी जानकारियां पूर्णत: गोपनीय रखी जाएंगी तथा उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। किसी भी व्यक्ति या प्रतिष्ठान की पहचान सार्वजनिक नहीं की जाएगी। एनएसओ ने जिले के नागरिकों एवं उद्यमियों से अपील की है कि वे सर्वेक्षण अधिकारियों को सही एवं पूर्ण जानकारी देकर सहयोग करें। नागरिकों का सहयोग देश में बेहतर विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण तथा आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति के सटीक आकलन में महत्वपूर्ण योगदान देगा।