दिव्यांगजन सशक्तिकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों को मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार, 15 तक करें आवेदन

दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण में कार्यरत सर्वश्रेष्ठ संस्थान जैसे निजी संगठन, एनजीओ व प्लेसमेंट एजेंसी कर सकते हैं आवेदन
 
- दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण में कार्यरत सर्वश्रेष्ठ संस्थान जैसे निजी संगठन, एनजीओ व प्लेसमेंट एजेंसी कर सकते हैं आवेदन

 



सिरसा, 05 अगस्त। 
केंद्र सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा दिव्यांग व्यक्तियों के सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले संस्थानों, संगठनों और कंपनियों से राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पात्र संस्थान 15 अगस्त तक राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in/ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और पुरस्कार से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

इस पुरस्कार योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों के कल्याण, पुनर्वास, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक समावेशन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले संस्थानों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करना है तथा अन्य संस्थाओं को भी इस दिशा में बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करना है। यह राष्ट्रीय पुरस्कार हर साल तीन दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रदान किए जाते हैं। इन पुरस्कारों के माध्यम से दिव्यांगजन सशक्तिकरण के क्षेत्र में नवाचार, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं और समावेशी कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाता है।

यह है पात्रता
दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण में कार्यरत सर्वश्रेष्ठ संस्थान जैसे निजी संगठन या एनजीओ;  सोसायटी अधिनियम, ट्रस्ट अधिनियम या कंपनी अधिनियम 2013 की धारा 8 के अंतर्गत पंजीकरण के बाद न्यूनतम 10 वर्षों की अवधि के लिए दिव्यांग व्यक्तियों के सशक्तिकरण के लिए काम करने वाला कोई भी संगठन आवेदन कर सकता है। इसी तरह दिव्यांगजनों के लिए सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता श्रेणी; के तहत पंजीकृत निजी या गैर-सरकारी संगठन, जो छोटे संगठन के मामले में कम से कम 10 प्रतिशत दिव्यांग व्यक्तियों को रोजगार देते हैं और 100 या अधिक दिव्यांग व्यक्तियों को रोजगार देने वाले बड़े संगठन भी पात्र हैं। दिव्यांगजनों के लिए सर्वश्रेष्ठ प्लेसमेंट एजेंसी श्रेणी में; सोसाइटी अधिनियम/ट्रस्ट अधिनियम/कंपनी अधिनियम, 2013 की धारा 8 के तहत पंजीकृत कोई भी गैर-सरकारी संगठन या प्लेसमेंट एजेंसी (सरकार-राज्य सरकार-स्थानीय निकायों को छोड़कर), जो दिव्यांग व्यक्तियों को नौकरियों में प्लेसमेंट प्रदान करती है। इसी तरह सर्वश्रेष्ठ सुगम्य यातायात के साधन- सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी श्रेणी में;  निजी संगठन जो अपने क्षेत्र में सुगम्य यातायात के साधनों, सुगम्य वेबसाइटों के साथ-साथ सुगम्य डिजिटल सामग्रियों, उपकरणों के विकास में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। वे आवेदन कर सकते हैं। पुनर्वास पेशेवरों के विकास में जुड़े सर्वश्रेष्ठ संगठन श्रेणी के तहत; कोई भी संस्था, संगठन, सोसाइटी अधिनियम, ट्रस्ट अधिनियम या कंपनी अधिनियम, 2013 की धारा 8 के तहत पंजीकृत हों और दिव्यांग व्यक्तियों के लिए पुनर्वास सेवाओं के क्षेत्र में काम करने वाले पेशेवरों और कर्मियों को शिक्षा और प्रशिक्षण से जुड़े हों। इसके अलावा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से दिव्यांगजन सशक्तिकरण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सर्वश्रेष्ठ सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम या निजी क्षेत्र की कंपनी भी अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकती है। 

ऐसे किया जाएगा चयन
दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण में कार्यरत सर्वश्रेष्ठ संस्थान जैसे निजी संगठन, एनजीओ के मामले में व्यापक पुनर्वास सेवाएं प्रदान करने के लिए एक पुरस्कार और समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने या समावेशी शिक्षा के लिए दिव्यांग बच्चों को तैयार करने के लिए एक-एक पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। अन्य सभी कैटेगरी में केवल एक पुरस्कार दिया जाएगा, जिसमें शील्ड और प्रशस्ति पत्र शामिल है। राष्ट्रीय चयन समिति, पुरस्कारों की किसी भी श्रेणी या उप-श्रेणी यानी व्यक्तिगत उत्कृष्टता या संस्थागत सशक्तिकरण श्रेणी में 3 अतिरिक्त पुरस्कारों की सिफारिश कर सकती है। पुरस्कार विजेताओं का चयन राष्ट्रीय चयन समिति द्वारा स्क्रीनिंग समितियों की सिफारिशों के आधार पर किया जाएगा। पुरस्कार से जुड़ी आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज तथा अन्य विस्तृत जानकारी राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर उपलब्ध है।

व्यक्तिगत उत्कृष्टता श्रेणी में भी कर सकते हैं आवेदन
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा व्यक्तिगत उत्कृष्टता के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार-2026 के लिए भी आवेदन आमंत्रित हैं। इस पुरस्कार योजना का उद्देश्य दिव्यांग व्यक्तियों के अधिकार अधिनियम (2016) के तहत दिव्यांग व्यक्तियों और किसी भी दिव्यांगता से पीड़ित व्यक्तियों के सशक्तिकरण के लिए काम करने वाले नागरिकों के कार्य को मान्यता देना और प्रोत्साहित करना है। 40 प्रतिशत या उससे अधिक बेंचमार्क दिव्यांगता वाला कोई भी व्यक्ति स्वयं को नामांकित कर सकता है या किसी अन्य व्यक्ति द्वारा विभिन्न पुरस्कारों की किसी भी एक श्रेणी के लिए नामांकित कर सकता है। इच्छुक नागरिक 15 अगस्त तक राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल  https://awards.gov.in/ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं तथा पुरस्कार से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सर्वश्रेष्ठ दिव्यांगजन, श्रेष्ठ दिव्यांगजन, श्रेष्ठ सृजनशील दिव्यांग बाल-बालिका सहित मुख्य छह श्रेणी में पुरस्कार दिए जाएंगे।