Haryana News: 7वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार के लिए 28 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन
चंडीगढ़ , 20 अगस्त - भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण विभाग द्वारा 7वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जल संरक्षण एवं प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पात्र संगठन, संस्थाएं, जिला प्रशासन, शहरी स्थानीय निकाय, उद्योग एवं अन्य संबंधित इकाइयां इस पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकती हैं।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि पुरस्कार के लिए आवेदन केवल गृह मंत्रालय के राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल awards.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 28 अगस्त निर्धारित की गई है। पात्र आवेदक विस्तृत जानकारी राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल तथा जल शक्ति मंत्रालय की वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 7वें राष्ट्रीय जल पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ राज्य, सर्वश्रेष्ठ जिला, सर्वश्रेष्ठ शहरी स्थानीय निकाय, जल क्षेत्र में कार्यान्वित सर्वश्रेष्ठ परियोजना तथा जल क्षेत्र में सीएसआर पहल के लिए सर्वश्रेष्ठ उद्योग सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। सर्वश्रेष्ठ जिला श्रेणी में जल संसाधन प्रबंधन, जल संचय-जनभागीदारी तथा जल जीवन मिशन जैसी उप-श्रेणियां भी शामिल हैं।
उन्होंने आगे बताया कि जल संरक्षण आज की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकताओं में से एक है। उन्होंने जिला के संबंधित विभागों, संस्थाओं, निकायों एवं अन्य पात्र इकाइयों से आह्वान किया कि वे जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल संसाधन प्रबंधन तथा जल के सदुपयोग की दिशा में किए गए अपने उत्कृष्ट कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करें।
