हरियाणावासियों के लिए खुशखबरी, दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 10वीं किस्त हुई जारी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को मिलने वाला लाभ वितरण किया। इसके बाद सीएम ने प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि आज दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की दसवीं किस्त जारी की गई है।
इस योजना के तहत 9 लाख 98 हजार लाभार्थी बहन- बेटियों के खातों में 209 करोड़ 62 लाख रुपए की राशि डाली गई है। अब तक 10 किस्तों में 2 हजार 42 करोड़ 31 लाख रुपए की राशि दी जा चुकी है। इसके अलावा 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 1124 करोड़ 94 लाख रुपए की राशि खातों में डाली गई। यह राशि सीधे 34 लाख 93 हजार 978 लाभार्थियों के खातों में डाली गई है।
सीएम ने कहा कि यह भुगतान DBT के माध्यम से किया जा रहा है और ये हमारी पारदर्शिता और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। वहीं दयालु योजना के तहत 6224 परिवारों को 234 करोड़ 77 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान कर रहे हैं। इसे मिलाकर 83536 परिवारों को 3152 करोड़ 48 लाख रुपए की आर्थिक सहायता जारी की गई है।
हर घर हर गृह योजना के तहत 4 लाख 93 हजार 434 लोगों के खातों में जून माह की सब्सिडी भी डाल दी गई है। इसके तहत 19 करोड़ 17 लाख रुपए की सब्सिडी जारी की गई। अब तक कुल 340 करोड़ 14 लाख रुपए की राशि दी जा चुकी है
वहीं हरित खाद को बढ़ावा देने के लिए 13237 किसानों के खाते में 7 करोड़ रुपए की राशि डाली गई। ये राशि खरीफ 2026- 27 में 70 हजार एकड़ क्षेत्र में ढेंचा एवम मूंग को खाद के रूप में अपनाने के लिए दी गई है।
सीएम ने कहा कि खरीफ 2026 के दौरान 5,844 किसानों द्वारा 36 हजार 670 एकड़ क्षेत्र में ढेंचा की खेती का सत्यापन हुआ। इसी प्रकार 7,393 किसानों द्वारा 36,670 एकड़ क्षेत्र में मूंग एवं अन्य हरित खाद फसलों की खेती का सत्यापन हुआ।
सीएम ने बताया कि विभिन्न 19 योजनाओं के 50 लाख 4873 पात्र लाभार्थियों के बैंक खाते में 1595 करोड़ 50 लाख रुपए डाले गए है। अब आगामी 14 अगस्त को गुरुग्राम में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा।
