हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज सोमवार को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को मिलने वाला लाभ वितरण किया। सीएम ने आज विभिन्न 19 सरकारी योजनाओं के तहत प्रदेश के 50 लाख 48 हजार 73 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,595 करोड़ 50 लाख रुपए की राशि DBT के जरिए ट्रांसफर की।
किसानों को बड़ी राहत
वहीं सरकार ने प्रदेश के किसानों को भी बड़ी राहत दी है। सरकार ने हरित खाद को बढ़ावा देने के लिए 13,237 किसानों के खातों में लगभग 7 करोड़ रुपए की राशि भी डाली। सोमवार को लाभ वितरण के बाद हरियाणा के सीएम ने प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि खरीफ 2026-27 में 70 हजार एकड़ क्षेत्र में ढेंचा और मूंग को खाद के रूप में अपनाने के लिए यह प्रोत्साहन राशि जारी की गई है।
खरीफ 2026 के दौरान 5,844 किसानों द्वारा 36,670 एकड़ में ढेंचा की खेती का सत्यापन किया गया है। इसी प्रकार 7,393 किसानों द्वारा 36,670 एकड़ क्षेत्र में मूंग व अन्य हरित खाद फसलों की खेती का सत्यापन हुआ है। प्रदेश के 13,237 किसानों को हरित खाद के लिए 7 करोड़ रुपये दिए गए है।
इसके अलावा दयालु योजना के तहत आज 6,224 परिवारों को 234 करोड़ 77 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी गई। वहीं हर घर हर गृह योजना के तहत 4 लाख 93 हजार 434 लोगों के खातों में जून महीने की सब्सिडी भी ट्रांसफर की गई। इसके तहत आज 19 करोड़ 17 लाख रुपए जारी किए गए।
आज सीएम ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 10वीं किस्त जारी की है। इसके तहत 9 लाख 98 हजार लाभार्थी बहनों-बेटियों के खातों में 209 करोड़ 62 लाख रुपए डाले गए हैं। अब तक योजना की 10 किस्तों में 2,042 करोड़ 31 लाख रुपए की राशि लाभार्थियों को दी जा चुकी है।
