हरियाणा में बागवानी खेती को मिलेगा बढ़ावा, नए बाग लगाने वाले किसानों को मिलेगी 1.40 लाख रुपए तक सब्सिडी राशि
हरियाणा में बागवानी खेती करने के इच्छुक किसानों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। प्रदेश सरकार ने ऐसे किसानों के लिए साढ़े 24 हजार रुपए से लेकर 1.40 लाख रुपए प्रति एकड़ तक सब्सिडी देने की योजना बनाई है। इसके अलावा सब्जियों, मसालों, फूलों और खुशबूदार पौधों की खेती के लिए भी अलग-अलग दरों के आधार पर आर्थिक सहायता राशि का लाभ मिलेगा. यह सब्सिडी राशि सीधे किसान के बैंक खाते में भेजी जाएगी।
सब्जियों की खेती के लिए सामान्य वर्ग के किसान 5 एकड़ तक, जबकि अनुसूचित वर्ग के किसान एक एकड़ तक आवेदन कर सकते हैं। फूलों और खुशबूदार पौधों की खेती के लिए भी अधिकतम पांच एकड़ तक पर लाभ दिया जाएगा।
इतने रुपए मिलेगी सब्सिडी
सामान्य वर्ग के किसानों को सब्जियों की खेती पर 15 हजार रुपए प्रति एकड़ और अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों को साढ़े 25 हजार रुपए प्रति एकड़ सब्सिडी का लाभ मिलेगा। यह सहायता एकीकृत माडल के तहत मल्चिंग, लो-टनल, ड्रिप तथा बांस की स्टेकिंग जैसी व्यवस्थाएं अपनाने पर दी जाएगी।
इसी तरह मसालों की खेती पर 15- 30 हजार रुपये प्रति एकड़, फूलों की खेती पर आठ हजार रुपये से 40 हजार रुपये प्रति एकड़ तथा खुशबूदार पौधों की खेती पर 8 हजार रुपये प्रति एकड़ सब्सिडी राशि का लाभ मिलेगा।
पोर्टल पर आवेदन जरूरी
इस सब्सिडी राशि का लाभ उठाने के इच्छुक किसानों को आवेदन और व्यक्तिगत विवरण, मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण, फैमिली आईडी तथा अपने बैंक खाते का पूरा विवरण देना होगा। जरूरत होने पर अनुसूचित वर्ग का प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। अधिक जानकारी के लिए किसान जिला उद्यान अधिकारी या टोल फ्री नंबर 1800-180-2021 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
