दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को मिल रही 2,100 रुपये मासिक आर्थिक सहायता:- उपायुक्त सतबीर सिंह

 
 दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को मिल रही 2,100 रुपये मासिक आर्थिक सहायता:- उपायुक्त सतबीर सिंह

 योजना के तहत पात्रता के लिए महिला की आयु 23 वर्ष या उससे अधिक तथा परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये तक होना आवश्यक

रोहतक, 18 अक्टूबर

 उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
सतबीर सिंह ने बताया कि योजना के तहत निर्धारित प्रावधानों के अनुसार, 2,100 रुपये की मासिक सहायता राशि में से 1,100 रुपये लाभार्थी महिला के बचत बैंक खाते में सीधे जमा किए जाते हैं, जबकि शेष 1,000 रुपये की राशि फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में जमा की जाती है। इससे महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता के साथ-साथ भविष्य के लिए बचत करने में भी मदद मिलती है।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि राज्य सरकार ने हाल ही में योजना का दायरा बढ़ाया है, ताकि अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को इसका लाभ मिल सके। अब ऐसे परिवारों की महिलाएं भी योजना के लिए पात्र हैं, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय 1.80 लाख रुपये तक है। योजना का लाभ लेने के लिए महिला की आयु 23 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए तथा परिवार की वार्षिक आय निर्धारित सीमा के अंतर्गत होनी आवश्यक है। पात्रता के संबंध में योजना के अन्य लागू नियमों का पालन भी जरूरी है।
सतबीर सिंह ने बताया कि योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने तथा पात्र लाभार्थियों तक सहायता का लाभ सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक तीन माह में मोबाइल ऐप के माध्यम से चेहरे की पहचान द्वारा जीवित होने का सत्यापन किया जाता है। लाभार्थियों को निर्धारित समय पर यह सत्यापन करवाना चाहिए, ताकि योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता की प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी रह सके।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने पात्र महिलाओं से अपील की कि वे योजना की शर्तों के अनुसार अपनी पात्रता की जांच करें और निर्धारित प्रक्रिया के तहत योजना का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने तथा उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।