हरियाणा में अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम, जानें कहां- कहां होगी बारिश ?

 
 हरियाणा में अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम, जानें कहां- कहां होगी बारिश ?

 

 

हरियाणा में एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। कई जिलों में लगातार झमाझम बारिश हो रही है। ऐसे में लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। भारी बारिश के कारण सड़को पर जलभराव हो गया है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। 

पिछले 24 घंटों में रोहतक में सबसे ज्यादा बारिश हुई। शहर में जगह-जगह जलभराव के कारण लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं भिवानी में भी शुक्रवार-शनिवार को मानसून की झमाझम बरसात हुई। इसके चलते अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। 

12 अगस्त तक होगी बारिश 

मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना है। कई जिलों में 12 अगस्त तक भारी बारिश और कहीं हल्की व मूसलाधार बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। आज के मौसम की बात करें तो मौसम विभाग ने प्रदेश के पांच जिलों भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी और यमुनानगर में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।


इसके अलावा अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, हिसार, जींद, सिरसा, फतेहाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
 

पिछले 24 घंटे में कहां कितनी हुई बारिश ?

हरियाणा के कई इलाकों में बीते शनिवार को भारी बारिश और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली। पिछले 24 घंटो की बात करें तो इस दौरान रोहतक में सबसे ज्यादा 110.0 मिमी, भिवानी में 99.5 मिमी, गुरुग्राम में 96.5 मिमी, चरखी दादरी में 84.0 मिमी, नारनौल में 43.0 मिमी, जींद में 41.0 मिमी, पलवल में 37.5 मिमी, सोनीपत में 37.0 मिमी, सिरसा में 28.7 मिमी बारिश हुई।
 

लगातार हो रही इस बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। प्रदेश में बारिश के चलते औसत न्यूनतम तापमान में 0.4°C की गिरावट दर्ज की गई है। हिसार और नारनौल में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.0°C दर्ज किया गया।