Weather Forecast: अगले 24 घंटे में इन राज्यों में होगी भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट
देशभर में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे निम्न दबाव के कारण कई राज्यों में भीषण बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कल 24 सितंबर का मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए भारी से बहुत भारी बारिश चेतावनी जारी की है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र (Depression) के कारण 24 सितंबर 2026 तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में बहुत भारी बारिश की संभावना है। इन राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
वहीं बिहार में भी भारी बारिश के आसार है। उत्तरी और मध्य बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र में कल 24 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है।
पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड,मध्य प्रदेश, कर्नाटक, केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है। इसके अलावा गोवा, गुजरात और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में छिटपुट बारिश और गरज-चमक की संभावना।
आईएमडी के मुताबिक पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना 'डीप डिप्रेशन' पिछले 6 घंटों में 12 किमी/घंटा की रफ़्तार से पश्चिम की ओर बढ़ा है। आज, 23 सितंबर 2026 को सुबह 05:30 बजे IST पर, यह उसी इलाके में 18.0°N अक्षांश और 84.7°E देशांतर के पास केंद्रित था। यह #कलिंगपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से लगभग 70 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व, #गोपालपुर (ओडिशा) से 150 किमी दक्षिण, #विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से 150 किमी पूर्व-उत्तर-पूर्व और #पुरी (ओडिशा) से 230 किमी दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम में स्थित था।
इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 23 सितंबर 2026 की रात तक विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच, कलिंगपट्टनम के पास उत्तरी आंध्र प्रदेश - दक्षिणी ओडिशा के तटों को 'डीप डिप्रेशन' के रूप में पार करने की बहुत संभावना है।
