Kal Ka Mausam: अगले 24 घंटे में इन 16 राज्यों में होगी तूफानी बारिश, देखें मौसम विभाग का पूर्वानुमान
कल का मौसम: मानसून की विदाई का समय नजदीक आते ही देश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने लगी है। वहीं राजस्थान, हरियाणा में मानसून की वापसी के साथ गर्मी ने जोर पकड़ लिया है।
कल 25 सितंबर के मौसम की बात करें तो कई राज्यों में तेज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 25 सितंबर को यूपी, बिहार समेत 16 राज्यों के लिए मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है।
पूर्वी राज्यों में होगी तूफानी बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहन अवदाब के चलते पूर्वी राज्यों में तूफानी बारिश और आंधी चल सकती है।
वहीं निचले क्षोभमंडल स्तरों पर उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों के ऊपर हवा के ऊपरी स्तर पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच, कलिंगपट्टनम के पास गहन अवदाब के रूप में उत्तरी आंध्र प्रदेश - दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार करने की बहुत संभावना है। इस वजह से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा और अगले 24 घंटें में कई राज्यों में झमाझम बारिश होगी।
इन राज्यों में भारी बारिश और आंधी तूफान की चेतावनी
कल दिल्ली, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। वहीं ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, यूपी, बिहार, केरल, कर्नाटक में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
इन राज्यों में कल भारी बारिश होने का अनुमान है। कुछ राज्यों में गरज- चमक के साथ बारिश और वज्रपात का भी खतरा है। साथ ही 85 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से आंधी चल सकती है। इसलिए मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।
