कल राजस्थान, यूपी और मध्यप्रदेश में जारी रहेगा सक्रिय WD का असर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी यूपी में घटेगी ताकत

 
कल राजस्थान, यूपी और मध्यप्रदेश में जारी रहेगा सक्रिय WD का असर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी यूपी में घटेगी ताकत
मौसम अपडेट : उत्तर भारत को प्रभावित कर रहे नए पश्चिमी विक्षोभ का असर आज रात पंजाब, हरियाणा, उत्तर व पूर्वी राजस्थान, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लगभग सभी इलाकों में देखने को मिलेगा, जिसके कारण इन राज्यों में कई जगह बिखरे तौर पर हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिलेगी, कुछ जगह भारी बारिश और साथ में ओलावृष्टि भी संभव है।

उत्तर राजस्थान और पाकिस्तान की तरफ से आ रहे ताजा सक्रिय बादल इन इलाकों को प्रभावित करने के बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश, अवध, बुंदेलखंड और पूर्वी राजस्थान के इलाकों की ओर बढ़ जाएंगे, जिसके कारण इन इलाकों में कल सुबह से नई बारिश की गतिविधियां शुरू होंगी। पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, अवध, बुंदेलखंड और पूर्वांचल के कई जिलों में बिखरे तौर पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, कुछ जगह भारी बारिश भी संभव है।

कल के बाद उत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां सिर्फ पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के सीमित इलाकों तक रह जाएंगी। इन इलाकों में कहीं-कहीं ही हल्की बारिश की गतिविधि जारी रहेगी, बड़े पैमाने पर अब बारिश नहीं होगी जब तक नया पश्चिमी विक्षोभ नहीं आ जाता।

अगला पश्चिमी विक्षोभ 8 मई के आसपास आने की संभावना है, जिसकी जानकारी हम देते रहेंगे।