हरियाणा के इन जिलों में होगी झमाझम बारिश, देखें आज आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम ?
हरियाणा में इन दिनों मानसून सक्रिय है। जिसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हो रही है। आज सोमवार को भी कहीं हल्की और कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश के कई जिलों में 15 अगस्त तक बारिश के आसार है।
कहां- कहां होगी मानसून की बारिश ?
भारत मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ के अनुसार प्रदेश में 10, 11 और 13 अगस्त को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यमुनानगर में 10,11 और 13 अगस्त को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना जताई गई है।
वहीं करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत और पानीपत में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, भिवानी और चरखी दादरी में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और जींद में छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
इस हफ्ते कैसा रहेगा मौसम ?
हरियाणा में अगले कुछ दिनों तक बारिश से राहत मिलने के कोई आसार नहीं है। प्रदेश के कई जिलों में इस पूरे हफ्ते बारिश हो सकती है। आज 10 अगस्त से लेकर अगले 5 दिन तक बारिश की संभावना जताई गई है। 10, 11 और 13 अगस्त को कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं 12, 14 और 15 अगस्त को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
बारिश से बदला मौसम
मौसम में बदलाव और लगातार हो रही झमाझम बारिश के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अलग- अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इससे उमस और गर्मी से राहत मिलेगी। साथ ही किसानों के लिए भी यह बारिश फसलों के लिहाज से महत्वपूर्ण हो सकती है।
