हरियाणा के इन 10 जिलों में होगी भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
पूरे देश में इन दिनों मानसून सक्रिय है। कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालात बन गए है। वहीं हरियाणा में भी आज भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के 10 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी कर दिया है।
इन जिलों में होगी भारी बारिश
हरियाणा में एक बार फिर मानसून पूरी तरह से एक्टिव हो गया है। जिसके चलते कई जिलों में लगातार झमाझम बारिश हो रही है। आज के मौसम की बात करें तो मौसम विभाग (IMD) चंडीगढ़ केंद्र की ओर से पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं राज्य के 10 जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक आज गुरुग्राम, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, हिसार, जींद, सोनीपत और पानीपत में भारी बारिश की आशंका है।
इन जिलों में बारिश का आरेंज अलर्ट
इसके अलावा महेंद्रगढ़, फतेहाबाद, करनाल, यमुनानगर, कैथल, सिरसा, कुरुक्षेत्र, अंबाला में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और पंचकुला में येलो अलर्ट यानी हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं हिसार, महेंद्रगढ़, फतेहाबाद और सिरसा के डबवाली में शनिवार सुबह से ही बारिश हो रही है।
गुरुग्राम में हुई सबसे ज्यादा बारिश
हरियाणा में लगातार हो रही बारिश से जहां एक तरफ गर्मी से राहत मिल रही है, तो वहीं लोगों को काफी परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है। पिछले 24 घंटो की बात करें तो इस दौरान सबसे ज्यादा बारिश गुरुग्राम में हुई। मौसम विभाग के अनुसार गुरुग्राम में सबसे अधिक 67.5 मिलीमीटर, भिवानी में 48.0 मिलीमीटर, चरखी दादरी में 38.0 मिलीमीटर, पलवल में 36.0 मिलीमीटर, सोनीपत में 27.5 मिलीमीटर, नारनौल में 23.5 मिलीमीटर और रोहतक में 15.0 मिलीमीटर बारिश हुई।
बारिश से तापमान में गिरावट
वहीं इस मानसून की बारिश से तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है। प्रदेश में औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबाला में 31.8 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 31.9 डिग्री सेल्सियस और करनाल में 29.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। इसके अलावा गुरुग्राम में 26.8 डिग्री सेल्सियस, नारनौल में 26.0 डिग्री सेल्सियस और रोहतक में 29.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड हुआ।
