हरियाणा में फिर एक्टिव हुआ मानसून, भारी बारिश से बिगड़े हालात

हरियाणा के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है। जिससे जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है।
 
हरियाणा में फिर एक्टिव हुआ मानसून, भारी बारिश से बिगड़े हालात

 

 

 

हरियाणा में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है। जिससे जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। लगातार हो रही बारिश की वजह कई इलाकों में भारी जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है।  ऐसे में लोगों और स्कूली बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 

सड़को में 3 फुट तक भरा पानी 
वहीं रोहतक, झज्जर और फरीदाबाद में रात में भारी बारिश हुई। जिसके बाद रोहतक के मॉडल टाउन, कृष्णा कॉलोनी में सड़क पर 3 फुट पानी जमा हो गया और यातायात बाधित हो गया। गली मोहल्लों में भी भारी बारिश के चलते लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

गली में बारिश का पानी भरने से लोगों के घरों के अंदर तक पानी चला गया। वहीं फतेहाबाद जिले के गांव दहमन में बारिश की वजह से एक मकान की कच्ची छत गिर गई। इस हादसे में एक महिला और बच्चा घायल हो गया। छत गिरने की वजह से दोनों मलबे में दब गए। जिसके बाद लोगों ने उन्हें मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
 

इन जिलों में होगी भारी बारिश

लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए आफत बन गई है। मौसम विभाग ने आज भी पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है। शनिवार सुबह से ही हिसार, महेंद्रगढ़, फतेहाबाद, भिवानी और सिरसा के डबवाली में बारिश हो रही है। वहीं मौसम विभाग ने 10 जिलों गुरुग्राम, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, हिसार, जींद, सोनीपत और पानीपत में भारी बारिश की चेतावनी दी है।