Haryana Weather Update: हरियाणा में 5 दिन तेज बारिश का अलर्ट, 1 अगस्त से बदलेगा मौसम
Haryana Weather Update: हरियाणा में एक बार फिर तेज बारिश का दौर शुरु होने वाला है। हरियाणा में 28 जुलाई से 31 जुलाई तक तेज बारिश की संभावना जताई गई थी लेकिन इस दौरान कुछ तेज हवाओं की वजह से मौसम में बदलाव देखने को मिला और बारिश कुछ स्थानों पर हुई और कुछ स्थानों पर सूखा ही रहा। लेकिन अब मौसम वैज्ञानिकों ने एक अगस्त से फिर तेज बारिश होने के संकेत दिये हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक एक अगस्त की रात्रि के बाद पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कैथल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, करनाल, सोनीपत में तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, पलवल, रोहतक, भिवानी, दादरी, हिसार, सिरसा, हांसी समेत कई जिलों में मध्यम से तेज बारिश होगी।
चौधरी चरण सिंह हिसार कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खिचड़ के मुताबिक प्रदेश में एक अगस्त से फिर मानसून तेजी से सक्रिय होगा और तेज बारिश होगी। उन्होंने बताया कि एक जून से लेकर 30 जुलाई तक 144 मीलिमीटर बारिश हुई है, जो कि सामान्य से कम बारिश हुई है। जुलाई के महीने की बात करें तो 27 फीसदी तक कम बारिश हुई है। इसमें पश्चिमी हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में बहुत कम बारिश हुई है।
अब राजस्थान, बंगाल की खाड़ी से मानसूनी हवाएं आ रही है जिसके चलते अगले तीन चार दिनों तक कई स्थानों पर तेज बारिश होगी वहीं कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। मौसम का अच्छा पैटर्न बनने के चलते एक अगस्त की रात्रि से अगले चार पांच दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है।
