Haryana Weather: हरियाणा के पंचकूला- अंबाला समेत इन 11 जिलों में होगी बारिश, देखें मौसम विभाग का ताजा अपडेट

 
Haryana Weather: हरियाणा के पंचकूला- अंबाला समेत इन 11 जिलों में होगी बारिश, देखें मौसम विभाग का ताजा अपडेट

हरियाणा में बारिश से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। आज सोमवार को भी कई जिलों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 सितंबर को 11 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और चरखी दादरी में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

इससे तापमान में गिरावट आएगी और मौसम भी सुहावना होगा। इसके अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है। कुछ एक स्थानों पर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।

तापमान में आई गिरावट, सुबह- शाम बढ़ी ठंड

बीते दिनों हुई बारिश से अब मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। मानसून की वापसी के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आई थी। लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के असर से झमाझम बारिश हुई। जिससे तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिली है और सुबह- शाम ठंड बढ़ने लगी है। मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, रविवार को प्रदेश में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री कम रहा। कई शहरों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे आ गया है।