Kal Ka Mausam: देशभर में कल कैसा रहेगा मौसम? देखें पूर्वानुमान
पूरे उत्तर भारत में इस समय ठंड, घना कोहरा और शीतलहर लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, झारखंड और ओडिशा में अगले 2 से 3 दिनों तक ठंड का असर बना रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इन राज्यों में शीतलहर से लेकर गंभीर शीतलहर की चेतावनी जारी की है।
पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानी इलाकों में कोहरे का असर
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में अगले 5 से 6 दिनों तक घना कोहरा छाया रह सकता है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक शीत दिवस की स्थिति बनी रहने की संभावना है। 17 से 21 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा 18 से 20 जनवरी के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी छिटपुट बारिश के आसार हैं।
उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। बीते दिनों दोपहर की धूप से थोड़ी राहत मिलने के बाद गुरुवार से ठंड का असर फिर तेज हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 जनवरी को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है, जिससे ठंड और बढ़ने की संभावना है।
उत्तराखंड में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। चमोली, उत्तरकाशी सहित कई इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। पर्वतीय इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर मैदानी जिलों पर भी पड़ेगा। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में शीत दिवस की स्थिति बनी रह सकती है और ठंडी हवाएं चलती रहेंगी।
जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड का असर साफ दिखाई दे रहा है। डल झील समेत कई जलाशयों का पानी जम गया है। मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ 17 जनवरी से घाटी के मौसम को प्रभावित कर सकता है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।
राजस्थान के कई हिस्सों में भी शीतलहर और घने कोहरे का दौर जारी है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 17 और 18 जनवरी को राज्य के उत्तरी और पश्चिमी इलाकों में आंशिक बादल छाए रहेंगे। इसके चलते अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने और शीतलहर से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है।
