Kal Ka Mausam: देशभर में कल कैसा रहेगा मौसम? देखें पूर्वानुमान 
 
kal ka mausam
Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ले ली है। जहां दिल्ली में फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा, वहीं उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और राजस्थान में बारिश के आसार बने हुए हैं। वहीं, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में शुष्क रहेगा मौसम

राजधानी दिल्ली में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, लेकिन आसमान साफ रहेगा। न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी के साथ यह 18 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। रविवार को मौसम सुहावना रहेगा, लेकिन धुंध और प्रदूषण की वजह से हवा की गुणवत्ता खराब रह सकती है।

उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश और बढ़ेगी ठंड

उत्तर प्रदेश में 6 नवंबर तक बेमौसम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। पश्चिमी हवाओं के असर से रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। न्यूनतम तापमान घटकर 17 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सप्ताह से घना कोहरा छाने लगेगा, जिससे सर्दी में और इजाफा होगा।

उत्तर बंगाल के जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि कम दबाव वाले क्षेत्र के कारण उत्तर बंगाल के कुछ जिलों में आज भारी बारिश हो सकती है। उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर तथा मालदा जिलों में बिजली और गरज के साथ बारिश की संभावना है। हालांकि, इसके बाद राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।

राजस्थान में गिर सकता है तापमान

राजस्थान में एक नए मौसमी तंत्र के असर से मौसम बदलने के संकेत हैं। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, अरब सागर की खाड़ी में बना अवदाब कमजोर होकर ‘वेल मार्क लो प्रेशर एरिया’ में बदल गया है। इसके असर से 1 और 2 नवंबर को उदयपुर व कोटा संभाग में हल्की बारिश की संभावना है।

वहीं, 3 नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे जोधपुर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

महाराष्ट्र के 12 जिलों में येलो अलर्ट

आईएमडी ने महाराष्ट्र के 12 जिलों मुंबई, ठाणे, रायगढ़, नंदुरबार, धुले, जलगांव, पुणे, नासिक, सतारा, सांगली और कोल्हापुर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मुंबई और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम में नमी बढ़ने से लोगों को उमस और हल्की बारिश दोनों का सामना करना पड़ सकता है।

उत्तराखंड और हिमाचल में बर्फबारी का अलर्ट

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू होने वाला है। उत्तराखंड में 1 से 4 नवंबर तक शुष्क मौसम, जबकि 5 नवंबर को चमोली, उत्तरकाशी, बागेश्वर, रूद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

हिमाचल प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 4 नवंबर को बारिश और बर्फबारी, तथा 5 नवंबर को केवल बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। इससे तापमान में तेज गिरावट आने की संभावना है।