Kal Ka Mausam: देशभर में कल कैसा रहेगा मौसम? देखें पूर्वानुमान 
 
kal ka mausam
Kal Ka Mausam: राजधानी दिल्ली में मौसम ने करवट ले ली है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का अहसास होने लगा है। लोगों ने अब गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं। कई जगहों पर लोग गर्म पानी से नहाना शुरू कर चुके हैं। दिल्ली-एनसीआर के दोपहिया वाहन चालक भी अब ठंड से बचने के लिए जैकेट और दस्ताने पहनकर सफर कर रहे हैं।

बारिश बढ़ा सकती है ठंड

मौसम विभाग ने हल्की बारिश की संभावना जताई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर अब बारिश होती है तो ठंड और तेज हो जाएगी। इसके साथ ही नवंबर के पहले सप्ताह से उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिल सकती है।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

दिल्ली में बुधवार को सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है, जबकि दोपहर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। सुबह 5 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की हवाएं चलेंगी, जबकि दोपहर में इनकी रफ्तार 10 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है। रात के समय हवाएं फिर धीमी पड़ जाएंगी। मौसम विभाग का कहना है कि 1 नवंबर से ठंड में और इजाफा होगा। वहीं, चक्रवात मोंथा के प्रभाव से अचानक तापमान में गिरावट संभव है।

उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश में भी सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है। पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि पूर्वी हिस्सों में गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। सुबह और शाम के समय सड़कों पर हल्की धुंध और कोहरा देखने को मिल सकता है। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट की संभावना है।

बिहार में भी बदल रहा मौसम

बिहार में फिलहाल अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। हालांकि, IMD ने राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की चेतावनी जारी की है। अगले 48 घंटे तक मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन ठंड में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी।

महाराष्ट्र और गुजरात में बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि गुजरात क्षेत्र, सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। अगले 5 दिनों के दौरान कोंकण, गोवा, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है।

राजस्थान में भारी बारिश के बाद मौसम बदलेगा

पिछले 24 घंटों में दक्षिणी और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भारी से अतिभारी बारिश दर्ज की गई। IMD के अनुसार, 29 अक्टूबर के बाद बारिश की तीव्रता घटेगी, लेकिन दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी इलाकों में अगले 4-5 दिन हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

नवंबर की शुरुआत में बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग के मुताबिक, नवंबर के पहले हफ्ते से उत्तर भारत में तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। दिल्ली, यूपी, बिहार और राजस्थान में सुबह-शाम ठंड बढ़ेगी और हवा की नमी से धुंध की स्थिति भी बनेगी।