Kal Ka Mausam: देशभर में मौसम धीरे-धीरे बदलता नजर आ रहा है। अधिकतर राज्यों में मानसून का प्रभाव समाप्त हो चुका है और उत्तर भारत के कई हिस्सों में रात के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है। इसी बीच मौसम को लेकर भारतीय मौसम विभाग (IMD) की तरफ से एक नया अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग के अनुसार, 23 और 24 अक्टूबर को दक्षिण भारत में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसका कारण दक्षिण-पूर्व अरब सागर और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर बने दो सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र बताए गए हैं। यह सिस्टम विशेष रूप से केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश को प्रभावित कर सकता है।
देश की राजधानी दिल्ली में मौसम फिलहाल सामान्य बना हुआ है, लेकिन प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ता जा रहा है। बिगड़ती हवा की गुणवत्ता को देखते हुए ग्रैप (GRAP) का चरण-2 लागू कर दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 अक्टूबर तक राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में भी मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 अक्टूबर तक राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, हालांकि ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क ही रहेगा। अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा जबकि न्यूनतम तापमान में थोड़ी गिरावट हो सकती है। सुबह के समय कोहरा रहने की संभावना है, लेकिन फिलहाल किसी भी जिले में भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है।
हिमाचल प्रदेश की बात करें तो यहां ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा कुछ क्षेत्रों में बिजली चमकने और तेज़ हवाओं के साथ आंधी की भी चेतावनी दी गई है। हालांकि, 23 से 25 अक्टूबर तक मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 18 से 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
उत्तराखंड में भी मौसम धीरे-धीरे ठंड की ओर बढ़ रहा है। 22 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है, जबकि 23 से 25 अक्टूबर के बीच मौसम सामान्य रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की फुहारें पड़ सकती हैं। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना बनी हुई है।
