Kal Ka Mausam: देशभर में कल कैसा रहेगा मौसम? देखें पूर्वानुमान 
 
kal ka mausam
Kal Ka Mausam: दिवाली के अगले दिन यानी मंगलवार को देश की राजधानी दिल्ली का मौसम कुछ बदला-बदला नजर आएगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सुबह के समय राजधानी में हल्की धुंध छाई रह सकती है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

वहीं, बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती दबाव के कारण अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के लिए चक्रवात का अलर्ट जारी किया गया है। यह चक्रवात 21 अक्टूबर से प्रभावी हो सकता है और इसके कारण क्षेत्र में 23 अक्टूबर तक भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने समुद्री क्षेत्रों और स्थानीय बंदरगाहों के लिए चेतावनी भी जारी की है।

भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका

निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में भारी बारिश (7-11 सेंटीमीटर) की आशंका जताई गई है। 21, 22 और 23 अक्टूबर को अंडमान-निकोबार क्षेत्र में तेज हवाएं (40-50 किलोमीटर प्रति घंटा) चल सकती हैं, जिनके साथ गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ने की संभावना है।

इसके अलावा, 22 से 23 अक्टूबर के बीच अंडमान सागर में हवाओं की गति 35-45 किलोमीटर प्रति घंटे से बढ़कर 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक समुद्री हालात खराब बने रहेंगे। मछुआरों को 24 अक्टूबर तक अंडमान सागर और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के तटीय इलाकों में समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है।

दक्षिण भारत में भी भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के कई जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जताई है। तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई क्षेत्रों में 64.5 मिलीमीटर से लेकर 111.5 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। प्रभावित जिलों में इरोड, नीलगिरि, कोयंबटूर, तिरुपुर, डिंडीगुल, थेनी, मदुरै, विरुधुनगर, रामनाथपुरम, शिवगंगा, पुदुकोट्टई, तंजावुर, तिरुवरूर, कराईकल, मइलादुथुराई, विल्लुपुरम, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, कुड्डालोर और नागपट्टिनम शामिल हैं।