देश को नशा मुक्त बनाने का लिया संकल्प, खिलाड़ियों ने ली शपथ
रोहतक,
नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत मेरा युवा भारत (माय भारत) रोहतक द्वारा भारतीय खेल प्राधिकरण, रोहतक के सहयोग से स्थानीय राजीव गांधी खेल परिसर में विशेष मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। सुबह 7 बजे आयोजित इस मैराथन में युवाओं ने विकसित भारत के संकल्प के साथ-साथ देश को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
यह आयोजन लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया। देशभर में सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर युवाओं ने देश की एकता, अखंडता और नशामुक्ति के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। 100 सप्ताह के नशा मुक्त अभियान की श्रृंखला के अंतर्गत आयोजित इस मिनी मैराथन में युवा खिलाड़ियों सहित 200 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में भारतीय खेल प्राधिकरण रोहतक के उपनिदेशक दीपक पंत तथा मेरा युवा भारत रोहतक के जिला युवा अधिकारी परम राठी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित युवाओं और खिलाड़ियों को देश को नशा मुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच और राष्ट्रीय एकता की भावना से ही विकसित भारत के सपने को साकार किया जा सकता है। एसएआई रोहतक की ओर से मिनी मैराथन में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों के लिए ट्रैक सूट एवं जलपान की व्यवस्था की गई। सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण से जुड़े इस प्रेरणादायक आयोजन में युवाओं का विशेष उत्साह देखने को मिला। मिनी मैराथन के माध्यम से युवाओं ने एकजुट होकर देश की एकता, अखंडता और नशा मुक्ति का सशक्त संदेश दिया।
