हरियाणा सरकार की ओर से राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ का आयोजन 30 खेलों में किया जा रहा है।
इसी कड़ी में जिला झज्जर में विभिन्न खेलों के लिए खिलाड़ियों के चयन हेतु 11 से 14 अक्टूबर तक अलग-अलग स्थानों पर ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। जिला खेल विभाग की ओर से खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर पहुंचकर ट्रायल में भाग लेने की अपील की गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 11 अक्टूबर को नेटबॉल के ट्रायल प्रातः 9 बजे राजीव गांधी खेल परिसर, डीघल में तथा आर्चरी के ट्रायल प्रातः 8 बजे आर्चरी अकादमी, धौड़ में होंगे।
इसी प्रकार, 12 अक्टूबर को वुशु के ट्रायल प्रातः 10 बजे और बेसबॉल के ट्रायल प्रातः 9 बजे महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम, झज्जर में आयोजित किए जाएंगे। बैडमिंटन के ट्रायल 12 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे इसी स्टेडियम में होंगे। वहीं, 14 अक्टूबर को टेबल टेनिस और फेंसिंग के ट्रायल प्रातः 10 बजे महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम, झज्जर में होंगे। कैनोइंग के ट्रायल 14 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे गांव भूरावास में शिव मंदिर के नजदीक तालाब पर होंगे।
ये दस्तावेज लाना अनिवार्य
ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को जन्मतिथि की पुष्टि के लिए आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, दसवीं कक्षा का प्रमाण पत्र और पासपोर्ट में से कोई दो दस्तावेज साथ लाने होंगे। इसके अतिरिक्त परिवार पहचान पत्र की प्रति भी अनिवार्य रूप से लानी होगी।
ट्रायल में जिला झज्जर के खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे। यदि किसी अन्य जिले का खिलाड़ी झज्जर में किसी शिक्षण संस्थान में पढ़ाई कर रहा है या किसी आवासीय अकादमी में रह रहा है, तो वह संबंधित शिक्षण संस्थान का पहचान पत्र दिखाकर ट्रायल में भाग ले सकता है।
खिलाड़ियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित ट्रायल स्थल पर पहुंचना सुनिश्चित करें।
