Sirsa News- हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट ने शहीद भगत सिंह स्टेडियम में बांटीं क्रिकेट किट

 
हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट ने शहीद भगत सिंह स्टेडियम में बांटीं क्रिकेट किट

 

सिरसा। युवाओं को नशे की ओर से मोड़कर खेलों और धर्म से जोड़ने के उद्देश्य से 'हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट' ने एक और सराहनीय पहल की है। ट्रस्ट की ओर से शहीद भगत सिंह स्टेडियम, सिरसा के क्रिकेट मैदान में ट्रेनिंग ले रहे खिलाड़ियों को खेल सामग्री भेंट की गई।

ट्रस्ट के प्रधान मनीष सिंगला ने कहा कि स्टेडियम के क्रिकेट मैदान में सिरसा शहर और आसपास के गांवों से रोजाना करीब 200 बच्चे अभ्यास करने पहुंचते हैं। यहां हिसार के अनुभवी कोच शंकर सैनी बच्चों को नि:शुल्क व बेहतर क्रिकेट ट्रेनिंग देकर तराश रहे हैं। हाल ही में ट्रस्ट के संज्ञान में आया कि मैदान में अभ्यास करने वाले बच्चों को प्रैक्टिस के लिए लेदर बॉल्स और क्रिकेट किट की सख्त जरूरत है।

इसी कड़ी में ट्रस्ट के सदस्यों ने खेल मैदान पहुंचकर बच्चों के बीच 25 लेदर बॉल और दो नई क्रिकेट किट कोच शंकर सैनी को सौंपीं, ताकि बच्चे अपनी प्रैक्टिस को सुचारू रूप से जारी रख सकें। मनीष सिंगला ने कहा कि ट्रस्ट का मुख्य लक्ष्य हमारे युवा साथी और बच्चे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें, खेल के मैदानों से जुड़कर स्वस्थ जीवन अपनाएं और भगवान की भक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ें। ट्रस्ट समाज कल्याण और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य करता रहेगा। इस मौके पर निजी सचिव हरपिंदर शर्मा व योगेश बिजारनिया सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।