सीबीएसई जोन-2 बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन, गांव पहुंचने पर बाइक रैली निकालकर हुआ भव्य स्वागत
हिसार , 09 सितंबर ।
हरियाणा में आयोजित राज्यस्तरीय सीबीएसई जोन-2 बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में हांसी क्षेत्र के गांव कुतुबपुर निवासी नैतिक सैनीवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 आयु वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। नैतिक ने प्रतियोगिता के दौरान एशियाई स्तर के गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी को हराकर यह उपलब्धि हासिल की। प्रतियोगिता में करीब 3000 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। नैतिक की इस उपलब्धि से गांव कुतुबपुर सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। गांव लौटने पर युवाओं ने खरड़ अलीपुर से कुतुबपुर तक डीजे और ढोल-नगाड़ों के साथ बाइक रैली निकालकर नैतिक का जोरदार स्वागत किया। गांव पहुंचने पर सरपंच अजय पवार और पूर्व सरपंच शेर सिंह मुंजर ने नैतिक को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर युवा सामाजिक कार्यकर्ता राहुल शर्मा ने नैतिक को शुभकामनाएं देते हुए ग्रामीण युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा को खेलों और सकारात्मक गतिविधियों में लगाएं, ताकि वे अपने परिवार और समाज का नाम रोशन कर सकें। गांवों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम हैं। स्वर्ण पदक विजेता नैतिक सैनीवाल ने कहा कि उसका अगला लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर हरियाणा का नाम रोशन करना है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि हमारा हरियाणा नशा अपनाने वाला नहीं, बल्कि खेलों में मेडल लाने वाला प्रदेश है। इस मौके पर बिट्टू मुंजर, रामफल, सोनू, छबीलदास, राजेंद्र हरपाल, सुनील, प्रदीप, हरदीप, संजय, बलराम, राजू, रमेश, अमित, पवन सहित गांव के अनेक युवा एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
