हरियाणा खेल विभाग की अनूठी पहल: जींद से हुई प्रदेशव्यापी 'खेल पे चर्चा' अभियान की भव्य एवं सफल शुरुआत
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने किया सीधा संवाद; चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित प्रथम कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने खिलाड़ियों को दिए स्पोर्ट्स इंजरी, तकनीक और हाई-परफॉर्मेंस के टिप्स
चंडीगढ़, 24 अगस्त- हरियाणा के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल तकनीकों, स्पोर्ट्स इंजरी मैनेजमेंट, उच्च प्रदर्शन तथा खेल जगत की व्यावहारिक चुनौतियों से रूबरू कराने के उद्देश्य से खेल विभाग द्वारा एक नई एवं दूरदर्शी पहल की शुरुआत की गई है। सोमवार को चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय जींद के प्रांगण में राज्य स्तरीय 'खेल पे चर्चा' कार्यक्रम के प्रथम संस्करण का सफल एवं भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री श्री गौरव गौतम ने युवा खिलाड़ियों से सीधा संवाद स्थापित किया और उनके सवालों के सटीक जवाब भी दिए। मंत्री ने खिलाड़ियों के अनुभवों, जमीनी चुनौतियों तथा अपेक्षाओं को करीब से जाना।
हर जिले तक पहुंचेगा 'खेल पे चर्चा' अभियान
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के कुशल मार्गदर्शन में शुरू की गई यह पहल किसी एक शहर तक सीमित नहीं रहेगी। 'खेल पे चर्चा' कार्यक्रम को चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के प्रत्येक जिले में आयोजित किया जाएगा ताकि सरकार, खेल विशेषज्ञों और मैदान में पसीना बहाने वाले खिलाड़ियों के बीच सीधा और पारदर्शी जुड़ाव बना रहे।
उन्होंने कहा कि ‘खेल पे चर्चा’ केवल औपचारिक मंच नहीं, बल्कि ज्ञान, विज्ञान और अनुभवों के आदान-प्रदान का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को न केवल तकनीकी मार्गदर्शन मिलेगा, बल्कि उनके भीतर छिपी प्रतिभा को भी सही दिशा प्राप्त होगी।
अनुभवी विशेषज्ञों ने दिए सफलता और सुरक्षा के मंत्र
कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में खेल जगत की जानी-मानी हस्तियों और विशेषज्ञों ने खिलाड़ियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी।
बॉक्सिंग विकास एवं तकनीक: लगभग 40 वर्षों का विस्तृत अनुभव रखने वाले एलीट बॉक्सिंग कोच श्री टी.एल. गुप्ता ने 'Novices to Youth Boxing – Its Development in Haryana' विषय पर अपना सत्र प्रस्तुत किया। उन्होंने नवोदित मुक्केबाजों को शुरुआती स्तर से लेकर राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन तक पहुँचने की सटीक प्रक्रिया और वैज्ञानिक तकनीकों से अवगत कराया।
स्पोर्ट्स इंजरी मैनेजमेंट: PGIMS रोहतक के स्पोर्ट्स इंजरी विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश रोहिला ने खिलाड़ियों को खेल के दौरान लगने वाली चोटों से बचाव, तत्काल प्राथमिक उपचार और वैज्ञानिक पद्धतियों के माध्यम से मैदान पर सुरक्षित वापसी के गुर सिखाए।
उच्च प्रदर्शन (High Performance): भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) की हाई-परफॉर्मेंस मैनेजर सुश्री पूनम बेनीवाल ने एलीट स्तर पर दबाव को नियंत्रित करने और निरंतर बेहतर प्रदर्शन बनाए रखने के मूल मंत्र साझा किए।
पैरा-ओलंपियन रामपाल चहल की कहानी ने भरा नया जोश
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पैरा-ओलंपियन खिलाड़ी श्री रामपाल चहल की प्रेरणादायक जीवन यात्रा रही। उन्होंने अपने जीवन के कठिन संघर्षों, चुनौतियों और खेल के प्रति अटूट समर्पण की गाथा साझा की, जिसे सुनकर ऑडिटोरियम में मौजूद युवा खिलाड़ियों में नया उत्साह और दृढ़ संकल्प भर गया। इसके अतिरिक्त, सांस्कृतिक सत्र में गायक विश्वजीत चौधरी ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से समां बांधा और उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
विश्वस्तरीय सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है राज्य सरकार
खेल मंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा के प्रतिभावान खिलाड़ी अपनी मेहनत के दम पर वैश्विक मंच पर तिरंगा फहरा रहे हैं। वर्तमान प्रदेश सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि राज्य की हर एक खेल प्रतिभा को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए ताकि वे अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में अपनी क्षमता का शत-प्रतिशत प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
समारोह के समापन पर खेल मंत्री ने कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी आमंत्रित विशेषज्ञों एवं अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विभिन्न खेलों के प्रशिक्षक, खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा भारी संख्या में युवा खिलाड़ी उपस्थित रहे।
