- 9 से 11 अक्टूबर तक एमडीयू के इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगी 20वीं राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप
- 8 अक्टूबर को आयोजन स्थल पर प्रेस मीट, डेमो मैच व शेड्यूल-सोवेनियर का होगा विमोचन
रोहतक, 6 अक्टूबर। देशभर के करीब 17 राज्यों से लगभग 1200 खिलाड़ी 9 से 11 अक्टूबर तक रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होने वाली 20वीं राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप-2026 में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में लड़के और लड़कियों के विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी भाग लेंगे। अंडर-17, जूनियर तथा सीनियर वर्ग में फेडरेशन कप के मुकाबले भी आयोजित किए जाएंगे।
चैंपियनशिप का आयोजन फ्लोरबॉल एसोसिएशन ऑफ हरियाणा द्वारा किया जा रहा है। एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री हरियाणा के ओएसडी गजेंद्र फोगाट ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। खिलाड़ियों के ठहरने, खेल मैदान, स्वागत, सुरक्षा, चिकित्सा सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्हांेने बताया कि 9 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम चैंपियनशिप का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह में प्रसिद्ध कलाकार अमित सैनी रोहतकिया, प्रदीप बूरा एवं पूजा हुड्डा सहित अन्य लोक कलाकार मौजूद रहेंगे।
समारोह में विभिन्न खेलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ी भी उपस्थित रहेंगे। इनमें भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान सुनील मलिक तथा एशियन चैंपियनशिप में शूटिंग में कांस्य पदक जीतने वाली आशिमा अहलावत प्रमुख रूप से शामिल होंगी। उद्घाटन समारोह के बाद भव्य हरियाणवी सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें अमित सैनी रोहतकिया, गजेंद्र फोगाट, पूजा हुड्डा, प्रदीप बूरा सहित अन्य लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से देशभर से आने वाले खिलाड़ियों एवं अतिथियों को हरियाणा की समृद्ध लोक संस्कृति से परिचित कराया जाएगा।
गजेंद्र फोगाट ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से रोहतक पहुंचने वाले खिलाड़ियों और अतिथियों का स्वागत हरियाणा की पारंपरिक लोक संस्कृति के अनुरूप किया जाएगा। स्वागत दल द्वारा बीन, तुम्बा, ढोल, नगाड़े, चिमटे, खड़ताल तथा अन्य लोक वाद्ययंत्रों के माध्यम से हरियाणवी लोक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में आने वाले खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें हरियाणा की संस्कृति, परंपराओं और मेहमाननवाजी से भी रूबरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि 10 अक्टूबर को प्रतियोगिता में पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान किए जाएंगे। वहीं, 11 अक्टूबर को आयोजित होने वाले समापन समारोह में सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चैधरी शामिल होंगी।
प्रतियोगिता के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न गणमान्य व्यक्ति अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे। फ्लोरबॉल एसोसिएशन ऑफ हरियाणा के अध्यक्ष गजेंद्र फोगाट ने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के खेल निदेशक कुलताज सिंह तथा फ्लोरबॉल से जुड़े राष्ट्रीय पदाधिकारी दीपेंद्र आर्य के साथ आयोजन स्थल का दौरा कर चैंपियनशिप की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने खिलाड़ियों के ठहरने, खेल मैदान, स्वागत, सुरक्षा, चिकित्सा तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चैंपियनशिप को सफल एवं यादगार बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप युवाओं को खेलों से जोड़ने, खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसके साथ ही देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों को हरियाणा की खेल भावना और लोक संस्कृति से परिचित कराने का भी प्रयास किया जाएगा। चैंपियनशिप से पहले 8 अक्टूबर को शाम 4 बजे आयोजन स्थल पर प्रेस मीट आयोजित की जाएगी। इस दौरान मीडिया की मौजूदगी में फ्लोरबॉल का डेमो मैच कराया जाएगा तथा प्रतियोगिता का शेड्यूल, सोवेनियर और शुभंकर जारी किया जाएगा। इसके अलावा सांस्कृतिक संध्या के दौरान फ्लोरबॉल के थीम गीत की वीडियो भी जारी की जाएगी।
