हरियाणा में राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर दो कांग्रेस विधायकों ने भेजा जबाव, जानिये क्या लिखा है खास ?
हरियाणा में राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के 5 विधायकों के क्रॉस वोटिंग शोकॉज नोटिस के जबाव आने शुरु हो गए हैं। इस मामले में बताया जा रहा है कि दो विधायकों ने अपने जबाव पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भेज दिया है जबकि तीन विधायकों का अभी तक कोई जबाव नहीं आया है।
आपको बता दें कि हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के 5 विधायकों पर क्रॉस वोटिंग के आरोप लगे थे, जिसके बाद पार्टी की तरफ से शोकॉज नोटिस जारी किये गए थे। इस पूरे प्रकरण में कांग्रेस पार्टी की अनुशासन कमेटी की तरफ से नारायणगढ़ विधायक शैली चौधरी, साढौरा विधायक रेणु बाला, पुन्हाना विधायक मोहम्मद इलियास, हथीन विधायक मोहम्मद इसराइल और रतिया विधायक जरनैल सिंह को शोकॉज नोटिस जारी किया था।
हरियाणा कांग्रेस की ओर से सख्ती के संकेत मिलने के बाद वीरवार को पार्टी के 5 में से 2 विधायकों ने शोकॉज नोटिस का जवाब दे दिया। 3 विधायकों की ओर से जवाब आना बाकी है। सूत्रों के मुताबिक दोनों MLA ने अपने जवाब में कहा-राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग नहीं की। पार्टी के सच्चे सिपाही हैं।
इधर, इन 5 विधायकों पर अब फैसला राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी में हो सकता है। 30 मार्च को हरियाणा कांग्रेस विधायक दल की दिल्ली में बैठक बुलाई गई है। बैठक में पार्टी के पांचों सांसदों को भी बुलाया गया है।
हरियाणा कांग्रेस की अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति की बैठक अप्रैल के पहले हफ्ते में चंडीगढ़ में पार्टी मुख्यालय पर होगी। जिसमें औपचारिक रूप से पार्टी का फैसला सुनाया जाएगा। बताया जा रहा है कि सख्त संदेश देने की तैयारी है। ऐसे में निलंबन या निष्कासन तक का निर्णय हो सकता है।
