Sirsa News: 9 अगस्त का सम्मेलन रचेगा इतिहास : संतोष बेनीवाल

 
  Sirsa News: 9 अगस्त का सम्मेलन रचेगा इतिहास : संतोष बेनीवाल

सिरसा। कांग्रेस जिला अध्यक्ष संतोष बेनीवाल ने कहा कि कांग्रेस में कार्यकर्ता को सर्वोपरि स्थान पर रखना उनकी प्राथमिकता हैं। कांग्रेस ज़मीन पर रात-दिन मेहनत करने वाले अपने 'बब्बर शेर' कार्यकर्ताओं के बलबूते खड़ी है। राहुल गांधी ही लोगों की आवाज को बुलंद कर रहे हैं, जिसमें हम सभी कार्यकर्ता एक सिपाही की भांति खड़े हैं। 9 अगस्त को सिरसा में होने वाला कांग्रेस सम्मेलन एक नया इतिहास रचेगा, जिसकी असली नींव हमारे यही समर्पित कार्यकर्ता बनेंगे।

संतोष बेनीवाल कालांवाली में निर्मल सिंह मलड़ी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रही थी। यहां पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। संतोष बेनीवाल ने कहा कि मैंने कभी चाटुकारिता या किसी को नीचा दिखाने की राजनीति नहीं की, हमेशा सच और संघर्ष का रास्ता चुना है। जब किसान और मजदूर सड़कों पर लाचार थे, तब हमने उनके अधिकारों के लिए सबसे आगे आकर लड़ाई लड़ी। आज नेता भले ही अलग-अलग खेमों में बंट जाएं, लेकिन ज़मीन पर कार्यकर्ताओं और जनता के सुख-दुख में कौन खड़ा रहता है, यह सब जानते हैं।

जिला अध्यक्ष बनने के बाद से वे लगातार कार्यकर्ताओं के बीच रहकर उनके हकों की आवाज़ उठा रही हैं और सबको साथ लेकर चलने के संकल्प पर कायम हैं। जो लोग यह भ्रम फैला रहे हैं कि सिरसा में जिला अध्यक्ष अकेली हैं, उन्हें हमारे कार्यकर्ताओं की यह एकजुटता और काम ही करारा जवाब देगा। उन्होंने सभी से मनमुटाव भुलाकर पार्टी के झंडे तले एक होने और कांग्रेस की नीतियों को घर-घर पहुँचाने की अपील की।

संतोष बेनीवाल ने जानकारी दी कि 9 अगस्त को सिरसा के कांग्रेस भवन में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन होगा, जिसमें पूर्व सांसद विजेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में पहुँचने का आह्वान किया, जिस पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन को ऐतिहासिक और सफल बनाने का पूरा भरोसा दिया। इस मौके पर मनजीत सिंह, डीपटी सिंह दादू, विंद सिंह दादू, जगदेव जोगेवाला, वीर सिंह, गुरप्रीत, दर्शन सरपंच, मनदीप सिंह, केवल सिंह रघुआना, अमरीक सिंह, जगवंत ठेकेदार, इकबाल सिंह, काका, पवन जिंदल, वेद प्रकाश, जीवन सिंह रोडी, कुक्कू सिंह रोडी व गोरा सिंह इत्यादि मौजूद थे।