गोहाना के विकास में नहीं रहने देंगे कोई कमी - डॉ. अरविंद शर्मा

 
गोहाना के विकास में नहीं रहने देंगे कोई कमी - डॉ. अरविंद शर्मा

 

 

चंडीगढ़, 12 सितंबर-  प्रदेश के सहकारिता, कारागार, पर्यटन विरासत एवं निर्वाचन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने शनिवार को गोहाना क्षेत्र में 6 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत से पूरी हुई तीन महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करते हुए कहा कि गोहाना के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में क्षेत्र के लिए मंजूर विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। सरकार का लक्ष्य केवल परियोजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कर जनता तक उनका लाभ पहुंचाना है।

 

 मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गोहाना के विकास के लिए करीब 700 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी है। इन परियोजनाओं पर अलग-अलग स्तर पर काम आगे बढ़ रहा है। वे स्वयं अधिकारियों से नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट लेते हैं, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों की गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि गोहाना में सड़क, जल निकासी, सिंचाई, शहरी सुविधाओं और अन्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। गांव और शहर दोनों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

 

कैबिनेट मंत्री ने श्री राम तालाब से ड्रेन नंबर-3 तक आबादी क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 355 मिलीमीटर व्यास की भूमिगत पाइपलाइन बिछाने की पूरी हो चुकी परियोजना का लोकार्पण किया। इस परियोजना से आबादी क्षेत्र की सुरक्षा के साथ जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि बरसाती पानी और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं के स्थाई समाधान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का संदेश है कि विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। हमारी जिम्मेदारी है कि गोहाना के लिए मंजूर एक-एक परियोजना को धरातल पर उतारें, गोहाना के विकास में न कोई कमी रहने दी जाएगी और न ही जनहित के कार्यों में अनावश्यक देरी होने दी जाएगी। इस अवसर पर अधीक्षक अभियंता गुलशन कुमार, अधीक्षक अभियंता राजेश कुमार, एसडीओ अक्षय कुमार व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।