*पंचायतों की आमदनी बढ़ाने के लिए स्थानीय संसाधनों का करें सदुपयोग : मंत्री कृष्ण लाल पंवार*

 
*पंचायतों की आमदनी बढ़ाने के लिए स्थानीय संसाधनों का करें सदुपयोग : मंत्री कृष्ण लाल पंवार*

 

 

*-पंचायतों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए अपने राजस्व स्रोत विकसित करने का किया आह्वान*

 

*-राष्ट्रीय सम्मेलन में महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और हरियाणा के पंचायत प्रतिनिधियों ने साझा किए ग्रामीण विकास के नवाचार*

 

चंडीगढ़, 23 नवंबर-स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान की ओर से गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में ‘हरियाणा में पंचायतों और नगरपालिकाओं का सशक्तिकरण : स्थानीय निकाय से स्थानीय स्वशासन की ओर’ विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन के पहले दिन पंचायती राज संस्थानों के सत्र में हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए पंचायतों की आमदनी और संसाधन बढ़ाने के लिए ठोस प्रयास करने का आह्वान किया।

 

मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि पंचायतें अपनी आमदनी बढ़ाने के लिए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करें। पंचायती जमीन का सदुपयोग करते हुए आय के नए स्रोत विकसित किए जाएं। ग्राम पंचायत, ब्लॉक समिति और जिला परिषद की जमीन को भी राजस्व बढ़ाने के लिए उपयोग में लाया जाए। उन्होंने सम्मेलन को पंचायत प्रतिनिधियों के लिए उपयोगी बताते हुए उन्हें अपने अनुभव और सुझाव साझा करने के लिए प्रेरित किया। सत्र में फाइनेंस एवं प्लानिंग विभाग के एसीएस सुधीर राजपाल भी मौजूद रहे।

 

सम्मेलन में देशभर से आए पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीण विकास के अपने नवाचार साझा किए। महाराष्ट्र के धूलगांव के सरपंच शिवदास चंद्रकांत भोसले ने बताया कि उनकी ‘स्टडी बेल’ पहल से 43 विद्यार्थियों को राष्ट्रीय छात्रवृत्ति मिली है। उन्होंने एक मिनट में 4 हजार पौधे लगाने और 25 एकड़ में जैव विविधता वन विकसित करने सहित अपने प्रयासों की जानकारी दी।

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के भरतपुर गांव की प्रधान नीलम देवी ने आईआईटी कानपुर की तकनीकी सहायता से जैविक खाद उत्पादन और कचरा प्रबंधन के माध्यम से वित्त वर्ष 2024-25 में 21.07 लाख रुपये का अपना राजस्व जुटाने की जानकारी दी। पंचायत को प्रोत्साहन योजना के तहत 25.38 लाख रुपये का अनुदान भी मिला।

मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले की ग्राम पंचायत टेमला के सरपंच मुकेश चौहान ने ग्राम सभाओं में जनभागीदारी, श्रमदान से जल संरक्षण तथा स्टॉप डैम और चेक डैम निर्माण के अनुभव साझा किए।

वहीं हरियाणा के पलवल जिले की महाग्राम पंचायत भिदुकी की सरपंच शशि बाला ने महिला हेल्प ग्रुप के गठन और ग्रामीण विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने वर्ष 2001 में गुजरात के भुज भूकंप के दौरान रेड क्रॉस के साथ राहत कार्यों में योगदान दिया था, जिसके लिए उन्हें राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया था। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा सरकार का इस दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे पंचायत प्रतिनिधियों को काफी लाभ मिलेगा।