ओलंपिक, कॉमनवेल्थ खेलों में मेडल हरियाणा के खिलाड़ी ला रहे और सुविधाएं गुजरात को दे रही भाजपा सरकार - दिग्विजय चौटाला
चंडीगढ़, 18 अगस्त। जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा है कि ओलंपिक, कॉमनवेल्थ जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय खेलों में देशभर में सबसे ज्यादा मेडल हरियाणा के खिलाड़ी ला रहे है और भाजपा सरकार खेल सुविधाएं सबसे ज्यादा गुजरात को दे रही है। उन्होंने कहा कि 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी गुजरात की बजाय हरियाणा को मिलनी चाहिए थी।
दिग्विजय ने हैरानी जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा के खिलाड़ियों के मेडल दिखाकर गर्व जताते हैं और खेल का बड़ा बजट गुजरात को दे देते है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हरियाणा में कॉमनवेल्थ आयोजन के लिए खेल सुविधाओं का अभाव दिखाकर अपनी खामियों पर पर्दा नहीं डाल सकती है। दिग्विजय चौटाला जेजेपी के जन-जन अभियान के तहत भिवानी में खिलाड़ियों से रूबरू थे। इस दौरान उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी साक्षी चौधरी और सचिन सिवाच को उनके घर पहुंचकर बधाई दी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इससे पहले दिग्विजय चौटाला ने भिवानी स्थित भीम स्टेडियम का दौरा कर खेल स्टेडियम की बदहाली का मुद्दा उठाया और मौके पर ही जिला उपायुक्त को फोन करके तुरंत स्टेडियम के हालात सुधारने की मांग की ताकि खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सके। दिग्विजय चौटाला ने स्टेडियम की बदहाली पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसी खराब खेल सुविधाओं से कैसे खिलाड़ी खेल की तैयारी कर सकेंगे ? उन्होंने कहा कि जिस स्टेडियम ने जमाने से देश व तिरंगे का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ी दिए है, वही आज बदहाल है। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि सरकार को नींद से जागना पड़ेगा और लोगों को जात-पात के नाम पर बरगलाने से काम नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि यह विषय मिट्टी से सोना उगाने का है और ये तब होगा जब सरकार की नीयत ठीक होगी। वहीं जन-जन अभियान के दौरान दिग्विजय चौटाला ने अपना वादा पूरा करते हुए गांव मुंढाल में साढ़े पांच लाख रुपए से निर्माणाधीन गौशाला शेड का उद्घाटन भी किया।
