हरियाणा के किसान मंडियों में परेशान और सीएम नायब पंजाब में व्यस्त – दुष्यंत चौटाला
चंडीगढ़, 7 अप्रैल: हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने मंडियों में फैली अव्यवस्था के लिए पूरी तरह भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया है और कहा है कि एक अप्रैल से गेहूं की खरीद के सरकार के दावे हवा हवाई निकले। उन्होंने कहा कि बेमौसम बरसात के चलते किसान परेशान है और सरकार की विफलता के चलते उन पर दोगुनी मार पड़ी है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार में कृषि मंत्री बरसात से गेहूं की औसत में इजाफे की बात कर रहे हैं, लेकिन उन्हें पता होने चाहिए कि पकी पकाई फसल पर बरसात होने से फसल की चमक पर असर पड़ता है और दाम में कटौती होती है।
दुष्यंत चौटाला ने मांग करते हुए कहा कि बीजेपी सरकार को लस्टर लॉस की भरपाई के लिए केंद्र सरकार से अनुमति लेनी चाहिए ताकि किसानों को राहत मिल सके। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि किसानों को फसल भुगतान का पैसा भी समय पर नहीं मिल रहा है। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंजाब में व्यस्त है और उन्हें हरियाणा की मंडियों में अपनी फसल बचने के लिए परेशान हो रहे किसानों की कोई परवाह नहीं है। वे मंगलवार को झज्जर की अनाज मंडी के दौरे के बाद पत्रकारों से रूबरू थे।
इससे पहले पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने झज्जर में आयोजित जेजेपी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आज भाजपा सरकार पिछड़ा वर्ग को नेतृत्व देने की केवल बातें-बातें करती है और सच्चाई ये है कि भाजपा सरकार पिछड़ा वर्ग को कमजोर करने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग की समस्याओं को जेजेपी प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग से जुड़े अनेक विषयों को लेकर जेजेपी ने मंथन किया है। साथ ही दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जेजेपी के संगठन विस्तार पर भी पार्टी पदाधिकारियों ने चर्चा की है और संगठन को हलका स्तर तक मजबूत करने का काम किया जाएगा। भी
वहीं जेजेपी बीसी सेल की बैठक को संबोधित करते हुए जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा ने कहा कि जेजेपी ने सदा पिछड़ा वर्ग की आवाज को बुलंद करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जननायक चौधरी देवीलाल की सोच पर चलते हुए पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने बीसी वर्ग को सम्मान देने और इस वर्ग के उत्थान के लिए काम करके दिखाया है। इस अवसर पर जेजेपी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र लितानी, जेजेपी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी धर्मपाल प्रजापत, प्रदेशाध्यक्ष राजेश सैनी सहित बीसी सेल की प्रदेश कार्यकारिणी, जिला अध्यक्ष, हलका अध्यक्ष आदि मौजूद रहे।
