कांग्रेस कमेटी ने वीरभान मेहता को पंचकुला का पर्यवेक्षक नियुक्त किया

 
कांग्रेस कमेटी ने वीरभान मेहता को पंचकुला का पर्यवेक्षक नियुक्त किया

 

सिरसा। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक लोकतंत्र बचाओ सप्ताह मनाया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रदेशभर में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिला स्तर पर रोष मार्च आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों को सफल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने विभिन्न जिलों में वरिष्ठ नेताओं को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी है। इसी कड़ी में सिरसा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव वीरभान मेहता को पंचकुला जिले का पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

अपनी नियुक्ति पर वीरभान मेहता ने पार्टी हाईकमान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, हरियाणा प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह तथा सिरसा की सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा का विशेष रूप से आभार जताया।

मेहता ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। पंचकुला में आयोजित होने वाले रोष मार्च को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर पूरी ताकत से काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है। हर वर्ग सरकार की कार्यप्रणाली से परेशान है और अब बदलाव की उम्मीद कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के दिन अब लद चुके हैं तथा देश और प्रदेश में आने वाला समय कांग्रेस का है।