*बूथ ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत, युवाओं का भविष्य भाजपा के साथ सुरक्षित : डॉ. अर्चना गुप्ता*
झज्जर, 7 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने गुरुवार को झज्जर स्थित 'झज्जर कमलम' में मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों और शक्ति केंद्र प्रमुखों की संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए स्पष्ट कहा कि भाजपा की वास्तविक शक्ति उसका बूथ और उसका समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि प्रत्येक बूथ को संगठन की सबसे मजबूत इकाई बनाते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक समरसता और संगठन विस्तार के अभियान को घर-घर तक पहुंचाएं।
बैठक में जिला प्रभारी हरविन्द्र कोहली, प्रदेश उपाध्यक्ष जवाहर सैनी, जिला परिषद चेयरमैन कैप्टन बिरधाना, भाजपा नेता संजय कबलाना, दिनेश कौशिक सहित वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं शक्ति केंद्र प्रमुख उपस्थित रहे।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय सक्रिय नहीं होता, बल्कि वर्षभर समाज सेवा, जनसंपर्क और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में जुटा रहता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर नियमित बैठकें आयोजित हों, प्रत्येक परिवार से संपर्क स्थापित किया जाए तथा नए कार्यकर्ताओं और विशेष रूप से युवाओं को संगठन से जोड़ने का अभियान तेज किया जाए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार की जनहितकारी योजनाओं को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, हर घर जल, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और स्वरोजगार जैसी योजनाओं ने करोड़ों परिवारों का जीवन बदला है और इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना हर कार्यकर्ता का दायित्व है।
प्रदेश अध्यक्ष ने सामाजिक समरसता पर विशेष बल देते हुए कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज का जीवन समानता, भाईचारे और मानवता का प्रेरक संदेश देता है। उन्होंने वाराणसी से आई संत रविदास जी की पावन मिट्टी को गांव-गांव और घर-घर सम्मानपूर्वक पहुंचाकर सामाजिक सद्भाव और एकता का संदेश फैलाने का आह्वान किया।
युवाओं को संबोधित करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि "भाजपा ही युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी गारंटी है।" उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया और पारदर्शी भर्ती जैसी पहल ने युवाओं के लिए नए अवसर खोले हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अधिक से अधिक युवाओं को भाजपा की विचारधारा और राष्ट्र निर्माण के अभियान से जोड़ें।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का विषय बताते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता से पौधारोपण करने और लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना मजबूत संगठन के साथ-साथ स्वच्छ और हरित वातावरण से ही साकार होगा।
बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) के दूसरे चरण की समीक्षा भी की गई। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग करने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों, बूथ अध्यक्षों और शक्ति केंद्र प्रमुखों ने प्रदेश नेतृत्व को विश्वास दिलाया कि वे संगठन के प्रत्येक निर्देश का पूरी निष्ठा से पालन करते हुए बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाएंगे, सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएंगे, सामाजिक समरसता के अभियान को गति देंगे तथा आगामी सभी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाएंगे।
*प्रदेश नेतृत्व का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा का स्रोत : विकास वाल्मिकी*
भाजपा जिला अध्यक्ष विकास वाल्मिकी ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता एवं प्रदेश पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश नेतृत्व का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि जिले का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ सशक्तिकरण के लक्ष्य को लेकर पूरी सक्रियता से कार्य कर रहा है और संगठन द्वारा दिए गए प्रत्येक दायित्व का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।
