झज्जर नगर परिषद वार्ड-13 उपचुनाव में 1727 वोटरों ने किया  मतदान

 
 झज्जर नगर परिषद वार्ड-13 उपचुनाव में 1727 वोटरों ने किया  मतदान
झज्जर, 10 मई। नगर परिषद झज्जर के वार्ड नंबर-13 के लिए रविवार को  उपचुनाव शांतिपूर्ण सम्पन्न हो गया। इस चुनाव में 1727  मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। डीसी एवं  जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने   रविवार को उपचुनाव के चलते एसडीएम झज्जर रवि मीणा व एसीपी अनिरुद्ध चौहान के साथ मतदान केंद्र का दौरा किया और आवश्यक निर्देश दिए। नगर परिषद वार्ड 13 के उपचुनाव के चलते प्रशासन दिनभर अलर्ट मोड़ पर रहा। सुरक्षा के चाक चौबंद प्रबंध किए गए थे।
 उपचुनाव के सुचारू संचालन, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा मतदान प्रक्रिया के दौरान सतर्क निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर सुपरवाइजर नियुक्त किए गए थे।
उपचुनाव  में भाजपा प्रत्याशी के रूप में सुधांशु पुत्र महेंद्र कुमार और निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में विकास पुत्र वीरेंद्र मैदान में हैं। नगर परिषद झज्जर के वार्ड13 में कुल 2473 मतदाता हैं जिनमें
1727 वोटरों ने रविवार को मतदान में भाग लेकर अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए मनपसंद पार्षद का चुनाव किया। शहर के भट्टी गेट स्थित  शहीद रमेश कुमार राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, झज्जर में उपचुनाव के मद्देनजर दो मतदान केंद्र बनाए गए थे। बूथ संख्या 13 पर कुल 802 वोटरों जिनमें 404 पुरुष और 398 महिलाओं ने वोट डाले, जबकि बूथ संख्या  14 पर कुल 924  मतदाता जिनमें 506 पुरुष और 419 महिलाओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। जिला प्रशासन द्वारा वोटरों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थी। पोलिंग के बाद  अब शहीद रमेश कुमार राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए मतगणना केंद्र  पर मतों की गणना 13 मई को प्रातः 8 बजे  होगी तथा परिणाम तुरंत घोषित किए जाएंगे। डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने निष्पक्ष, शांतिपूर्ण मतदान के लिए वोटरों को आभार जताया।