शिविर में अधिकारियों ने ग्रामीणों को दी सरकारी योजनाओं की जानकारी
भिवानी, 13 अक्टूबर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में जिले के गांवों में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को खंड बहल के गांव मंढोली कलां और चहड़ कलां में सेवा सेतू शिविरों का आयोजन किया गया। जिला परिषद सदस्य रविंद्र मंढोली ने शिविरों में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। वहीं दूसरी ओर अधिकारियों व कर्मचारियों ने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
शिविर में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, उपमंडल रोजगार कार्यालय लोहारू द्वारा व्यावसायिक मार्गदर्शन, क्रीड विभाग द्वारा परिवार पहचान पत्र हेल्पडेस्क, उद्यान विभाग द्वारा बागवानी विकास संगोष्ठी तथा दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए।
शिविर में पहुंचे लोगों ने स्टॉलों पर जाकर योजनाओं के बारे में पूछा। विभागों के संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों ने ग्रामीणों को उनकी पात्रता व इच्छा अनुसार व्यवसाय से संबंधित जानकारी दी। लोगों से आह्वान किया गया कि वे पात्रता के अनुरूप योजनाओं का लाभ लेकर अपना जीवन स्तर ऊपर उठाएं।
वहीं डीसी ने कहा कि सेवा सेतू शिविर लोगों के लिए बड़े ही कारगर साबित हो रहे हैं। लोगों को अपने घर के नजदीक ही योजनाओं की जानकारी मिल रही है। एक ही छत के नीचे सभी विभागों की जानकारी मिल रही है। उन्होंने बताया कि 14 अक्टूबर को गांव बागनवाला और छपार रांगड़ान में तथा 15 अक्टूबर का गांव बड़वा और लीलस में सेवा सेतू शिविर आयोजित किए जाएंगे। डीसी ने नागरिकों से आह्वान किया है कि वे सेवा सेतू शिविरों में पहुुंचकर सरकारी की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लें।
