आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहयोग करेंगे युवा, 2 से 6 माह तक कर सकेंगे इंटर्नशिप

 
आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहयोग करेंगे युवा, 2 से 6 माह तक कर सकेंगे इंटर्नशिप

बाल सारथी इंटर्नशिप कार्यक्रम के तहत कॉलेज एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों सहित इच्छुक व्यक्ति कर सकेंगे आवेदन

हिसार,

महिला एवं बाल विकास विभाग हरियाणा की ओर से आंगनवाड़ी केंद्रों पर प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बाल सारथी इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू किया गया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों तथा समुदाय के इच्छुक व्यक्तियों को बच्चों के सीखने और उनके सर्वांगीण विकास में योगदान देने का अवसर मिलेगा।
यह जानकारी देते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी वैशाली ने बताया कि इस इंटर्नशिप कार्यक्रम के तहत कोई भी कॉलेज या विश्वविद्यालय का विद्यार्थी अथवा समुदाय का इच्छुक व्यक्ति भाग ले सकता है, जो प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा के क्षेत्र में अपना योगदान देना चाहता है। इंटर्नशिप की अवधि न्यूनतम दो माह से अधिकतम छह माह तक निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि इंटर्नशिप के दौरान प्रतिभागियों को आंगनवाड़ी केंद्रों में खेल आधारित गतिविधियों के संचालन में सहयोग करने, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की मदद करने तथा बच्चों के सीखने और उनके विकास से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इससे बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने के साथ-साथ युवाओं को भी जमीनी स्तर पर काम करने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत इंटर्नशिप पूरी करने वाले प्रतिभागियों को महिला एवं बाल विकास विभाग हरियाणा की ओर से प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा उन्हें अनुभवी व्यक्तियों का मार्गदर्शन और मेंटरिंग भी मिलेगी। यह कार्यक्रम युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी निभाने तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहभागी बनने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति बाल सारथी पोर्टल पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके बाद आवश्यक विवरण अपलोड करके आवेदन जमा करना होगा। इच्छुक व्यक्ति पोस्टर में दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके भी पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।