राजकीय नेहरू पीजी कॉलेज में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत कार्यशाला आयोजित
नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजन पर दें जोर, सामाजिक समस्याओं के समाधान में तकनीक का करें उपयोग
झज्जर, 09 अक्टूबर।
जिलाभर में 17 अक्टूबर तक डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में चल रहे सेवा संकल्प अभियान को निरन्तर बढ़ावा मिल रहा है,इसी कड़ी में शुक्रवार को शहर के बहादुरगढ़ रोड स्थित राजकीय नेहरू पीजी कॉलेज में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यक्रम में जिला संयोजक दिनेश शेखावत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए विद्यार्थियों को नवाचार, रचनात्मक सोच और उद्यमिता के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि विकास की नई दिशा तय करने वाले शिल्पकार भी हैं। युवाओं की प्रतिभा और तकनीकी ज्ञान का सही उपयोग समाज से जुड़ी समस्याओं के समाधान में किया जाना चाहिए।
नौकरी तलाशने वाले नहीं, रोजगार सृजन का माध्यम बनें युवा पीढ़ी
जिला संयोजक दिनेश शेखावत ने कहा कि देश की प्रगति केवल डिग्री हासिल करने से नहीं, बल्कि नए विचारों और प्रभावी समाधानों को विकसित करने से होगी। आज के युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ-साथ रोजगार सृजक बनने की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक कृषि, सौर ऊर्जा, जल संरक्षण, पराली एवं कचरा प्रबंधन और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर नए विचार विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जब युवा अपनी तकनीकी समझ और रचनात्मक सोच से किसी सामाजिक समस्या का समाधान तलाशते हैं, तो यही प्रयास आगे चलकर स्टार्टअप और उद्यमिता का आधार बनते हैं।
श्रेष्ठ नवाचारी विचारों को मिलेगा प्रोत्साहन
जिला संयोजक ने विद्यार्थियों को ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ की रूपरेखा की जानकारी देते हुए कहा कि युवाओं के नवाचारी विचारों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रोत्साहन और तकनीकी सहयोग के अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने बेहतर आइडिया को आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकृत करवाने और इस पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार पूनिया ने अतिथियों का स्वागत किया और विद्यार्थियों से अपनी रचनात्मक ऊर्जा को नवाचार से जोड़ने की अपील की।
सरकारी योजनाओं से स्वरोजगार को दें नई उड़ान
कार्यशाला में जिला उद्योग केंद्र के उद्योग विस्तार अधिकारी मंजीत दहिया ने विद्यार्थियों को स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, सब्सिडी प्रावधान, क्रेडिट गारंटी योजना और इनक्यूबेशन सपोर्ट सहित युवाओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी प्रो. अशोक कुमार ने छात्रों को आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण और प्रोजेक्ट सबमिशन की प्रक्रिया से अवगत कराया। मंच संचालन डॉ अन्या सांगवान ने किया।
ये गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद
इस अवसर पर हरियाणा राष्ट्रीय गौरक्षा वाहिनी गौ सेवा संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज अत्री, डॉ राकेश कुमार, एडवोकेट धीरज कौशिक, एडवोकेट अमित नागर सहायक प्रो माधव प्रसाद, विप्लव शर्मा, प्रियंका सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य विद्यार्थी मौजूद रहे।
