कौशल के साथ आगे बढ़ें, अवसरों का लाभ उठाएं युवा : कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा

 आईटीआई बरवाला में छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित
 
कौशल के साथ आगे बढ़ें, अवसरों का लाभ उठाएं युवा : कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा

 
हिसार, 10 अगस्त।
 राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बरवाला में सोमवार को छात्र संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों पर संवाद किया। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और भविष्य की संभावनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव, सुझाव और भविष्य से जुड़ी अपेक्षाएं कैबिनेट मंत्री के समक्ष रखीं। इस अवसर पर आईटीआई में पौधारोपण भी किया गया।


कैबिनेट मंत्री ने संवाद कार्यक्रम के दौरान छात्रों के सवालों के जवाब देते हुए बताया कि राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में छात्र व छात्राओं को आधुनिक शिक्षा प्रदान करने के लिए हर 20 कि.मी. के दायरे में राजकीय कॉलेजों का निर्माण करवाया गया है। शिक्षण संस्थानों में रोजगार मेलों के आयोजन के लिए सरकार द्वारा कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।

सरकार द्वारा उद्योग एवं नए स्टार्टअप के लिए बिना गारंटी लोन देने की योजना लागू की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लागू की गई योजना बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत राज्य में महिलाओं की सुरक्षा के लिए डायल 112 की सुविधा एवं  महिला थानों का निर्माण किया गया है। पेपर लीक के एक सवाल का जवाब देते हुए केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि केन्द्रीय सरकार द्वारा पेपर लीक में शामिल व्यक्तियों पर भारी जुर्माना व 10 साल कारावास सजा का प्रावधान किया गया है।


केन्द्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए कहा कि आधुनिक दौर में केवल डिग्री हासिल करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं के पास आधुनिक तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल होना भी जरूरी है। आईटीआई जैसे संस्थान युवाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं को उनके घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रशिक्षण मिले और उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध हों। सरकार द्वारा आईटीआई पास छात्रों के लिए अप्रेंटीशिप जैसी योजना चला रखी है जिसके तहत उन्हें प्रति माह 9600 रूपए दिए जाते है।


कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि सरकार का फोकस युवाओं को केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने पर भी है। इसके लिए कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। आईटीआई में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं के लिए उद्योगों की जरूरत के अनुरूप कौशल विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने बताया कि हिसार एयरपोर्ट के पास आईएमसी का निर्माण किया जा रहा है, यहां न केवल आईटीआई पास छात्रो को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे बल्कि रूचि लेने वाले छात्र अपना खुद का उद्योग स्थापित कर क्षेत्र को विकसित करने में सहयोग देगें।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इसी दिशा में हरियाणा सरकार भी शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण, रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में लगातार नए प्रयास कर रही है।
इस अवसर पर चेयरमैन प्रवीन सैनी, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, रणधीर सिंह धीरू, एसडीएम अश्वीर नैन, आईटीआई प्रिंसिपल सुमित सचदेवा, जयपाल, राजेश, सुखविन्द्र, पुनम, मनीष, विनोद, मुकेश, सुरेश, संदीप, देव सहित आईटीआई का स्टाफ एवं प्रशिक्षु उपस्थित रहे।