विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लक्ष्य में कदमताल करें युवा : दिनेश कौशिक

 
विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लक्ष्य में कदमताल करें युवा : दिनेश कौशिक

 

नमो सेवा-अनकही कहानियां-नुक्कड़ नाटकों से दिया नशा मुक्ति और जनसेवा का संदेश

‘बहादुरगढ़ क्षेत्र में सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गांवों व शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

बहादुरगढ़, 5 अक्टूबर

डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ मॉड्यूल में सोमवार को उपमंडल क्षेत्र में विभिन्न गांवों व शिक्षण संस्थानों में नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए। कलाकारों ने विकसित भारत 2047, नशा मुक्ति, सामाजिक समरसता और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लडरावण में भाजपा नेता दिनेश कौशिक ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करने में युवा शक्ति अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहकर युवा अपने भविष्य को बेहतर दिशा दें और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाएं। वहीं राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पालेराम शर्मा ने छात्राओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। राजकीय महिला महाविद्यालय में नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी ने छात्राओं से सामाजिक जागरूकता फैलाने और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया।
गांव आसौदा टोडरान आईटीआई में भाजपा नेता संजय जून ने युवाओं से कौशल व प्रतिभा का सकारात्मक उपयोग करने और नशे से दूर रहने की अपील की। गुभाना में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेता अमित ने ग्रामीणों व युवाओं से नशे से दूर रहने और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। वहीं गांव रोहद में कार्यक्रम के दौरान नकुल चौपड़ा, उमेश मान व विक्रम ने युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और आपसी भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रमों में कलाकारों ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से ‘नशामुक्त हरियाणा’ का संदेश दिया तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी आमजन को दी।