युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें, स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बने युवा : ओएसडी वीरेंद्र बडख़ालसा

 
 युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें, स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बने युवा : ओएसडी वीरेंद्र बडख़ालसा

भिवानी में सीएम के ओएसडी वीरेंद्र बडख़ालसा की सामाजिक संगठनों के साथ बैठक

पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती और युवा सशक्तिकरण पर हुई गहन चर्चा

संगठनों के सहयोग से जैविक खेती और आत्मनिर्भरता अभियान को मिलेगी गति : वीरेंद्र बडख़ालसा

भिवानी, 

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के ओएसडी वीरेंद्र बडख़ालसा ने भिवानी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा एनजीओ के प्रतिनिधियों के साथ रविवार को बैठक की। इस बैठक में पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती, युवा सशक्तिकरण और रोजगार सृजन जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें, स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बने।

 बैठक को संबोधित करते हुए ओएसडी वीरेंद्र बडख़ालसा ने युवाओं के भविष्य और रोजगार के मुद्दे पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं का नौकरी पाने के लिए प्रयास करना स्वाभाविक और सही है, लेकिन आज के समय में यह आवश्यक है कि युवा नौकरी चाहने वाले की बजाय नौकरी देने वाले बनने की दिशा में भी सोचें। युवाओं को अपनी प्रतिभा, कौशल और उद्यमशीलता के दम पर स्वरोजगार अपनाना चाहिए और ऐसे अवसर पैदा करने चाहिए जिससे वे दूसरों को भी रोजगार दे सकें। इससे न केवल युवा आत्मनिर्भर बनेंगे, बल्कि देश और समाज की आर्थिक प्रगति में भी अपनी मजबूत भागीदारी निभाएंगे।

ओएसडी श्री बडख़ालसा ने कहा कि सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और जन-जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने इन सभी संगठनों से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा और जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए आगे आएं। प्रकृति के अनुकूल खेती अपनाना और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझना आज के समय की सबसे बड़ी मांग है। इसके साथ ही उन्होंने सोनीपत के दादा खुशहाल सिंह दहिया का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनके सामाजिक योगदान और समर्पण से प्रेरणा लेकर नई पीढ़ी को आगे बढऩा चाहिए, ताकि युवा अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों को समझकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकें।

 श्री बड़खालसा ने कहा कि सामाजिक और धार्मिक संगठन समाज को सही दिशा देने और जनकल्याण के कार्यों को गति देने का काम करते हैं। इन संगठनों के सक्रिय सहयोग से पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती, सामाजिक जागरूकता और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के अभियानों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग से आगे आकर सामूहिक प्रयास करने की अपील की, ताकि आने वाली पीढिय़ों के लिए एक स्वस्थ, जागरूक और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण किया जा सके।

 इस बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक, हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार, जिला महामंत्री रेखा राघव, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप प्रजापति, जिला सचिव नरेंद्र तालू, सुनील डावर, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष अशोक बिड़लान, बीएलए-1 दिनेश वर्मा, मंडल अध्यक्ष नवीता तंवर, राजबाला श्योराण, हरदीप दुडेजा, महेंद्र सिंह चौहान, जिला युवा मोर्चा महामंत्री धीरज शर्मा, जिला सोशल मीडिया प्रभारी सूर्यप्रताप, राहुल, मीडिया प्रभारी नितिन भारद्वाज, नरेंद्र शर्मा, योगेश शिलानी, योगी पंडित और जतिन चावला सहित विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों के तमाम प्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।