एसडीएम मोहित कुमार ने उपमंडल के सरपंचों सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ की बैठक
कालांवाली,
22 नवंबर को कालांवाली की नई अनाज मंडी में यूथ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। नशे के खिलाफ जन जागरूकता और मैराथन में अधिक से अधिक जनभागीदारी के उद्देश्य से एसडीएम मोहित कुमार ने उपमंडल के सरपंचों सहित अन्य जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसके अलावा उन्होंने आयोजन स्थल, पार्किंग व रूट आदि व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
उन्होंने सभी से इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने और गांवों में अधिक से अधिक लोगों को मैराथन में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की ताकि नशा मुक्ति का संदेश जन जन तक पहुंचे। एसडीएम मोहित कुमार ने कहा कि 22 नवंबर को कालांवाली की नई अनाज मंडी में आयोजित यूथ मैराथन में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी शिरकत करेंगे। उन्होंने सभी सरपंचों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आमजन से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मैराथन का उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों पर लोगों को जागरूक करना और युवाओं को खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए गंभीर चुनौती है। विशेषकर युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर प्रयास करने होंगे। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष डबवाली रेणू शर्मा, राजेंद्र देसूजोधा, चरणजीत सिंह रोड़ी, हरविंद्र सिंह सहित उपमंडल के विभिन्न गांवों के सरपंच व अन्य जन प्रतिनिधि मौजूद रहे।
