युवा 30 सितंबर का इंतजार न करें, आज ही फॉर्म-6 भरें : डीसी

 
युवा 30 सितंबर का इंतजार न करें, आज ही फॉर्म-6 भरें : डीसी

 झज्जर, 3 सितंबर।
 विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत जिला झज्जर के चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूचियों को शुद्ध एवं अद्यतन करने का कार्य मिशन मोड में चल रहा है। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने पात्र युवाओं से अपील की है कि वे मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए 30 सितंबर की अंतिम तिथि का इंतजार न करें और पात्रता पूरी होने पर तुरंत फॉर्म-6 भरकर अपना नाम दर्ज करवाएं।
डीसी ने अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के निपटान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे निर्धारित दस्तावेज एवं घोषणा-पत्र के साथ फॉर्म-6 के माध्यम से दावा प्रस्तुत कर सकते हैं।
28 अक्टूबर तक होगा दावे-आपत्तियों का निपटारा
डीसी ने बताया कि एसआईआर-2026 के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने या किसी प्रकार की आपत्ति दर्ज कराने के लिए 30 सितंबर तक का समय है। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निपटान 28 अक्टूबर तक किया जाएगा। इसके बाद 6 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। डीसी ने नागरिकों से अपने नाम के साथ परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम और विवरण भी मतदाता सूची में जांचने की अपील की है।
पात्र मतदाता विवरण में गलती पर फॉर्म-8 से कराएं सुधार
डीसी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम, पता, आयु, फोटो या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर फॉर्म-8 के माध्यम से संशोधन कराया जा सकता है। वहीं मृत, अपात्र, स्थायी रूप से स्थानांतरित अथवा अन्य स्थान पर पंजीकृत मतदाता के नाम को लेकर फॉर्म-7 के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
बीएलओ, ईआरओ से ले सकते हैं जानकारी
डीसी ने बताया कि नागरिक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने के लिए अपने क्षेत्र के बीएलओ, ईआरओ या एईआरओ से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
मतदाता सूची अपडेट बनाने में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, विश्वसनीय और अद्यतन बनाने में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने पात्र युवाओं और नागरिकों से समय रहते आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का आह्वान किया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि शुद्ध मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया का आधार है।