सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला नागरिक अस्पताल में मनाया गया विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस
मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंदों को समय पर परामर्श उपलब्ध करवाना जरूरी : डॉ. जयंत आहूजा
प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत शनिवार को जिला नागरिक अस्पताल, फरीदाबाद में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के प्रति आमजन को जागरूक करने तथा मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य, शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। वर्तमान समय में तनाव, चिंता, अवसाद और अन्य मानसिक समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को छिपाने के बजाय उनके बारे में खुलकर बात करनी चाहिए और आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों से परामर्श लेना चाहिए।
डॉ. आहूजा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य आमजन तक स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य के तहत मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी महत्वपूर्ण है, ताकि प्रत्येक व्यक्ति को समय पर उचित मार्गदर्शन और उपचार मिल सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को गंभीरता से लें और जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं का लाभ उठाएं।
उन्होंने कहा कि परिवार और समाज का सहयोग मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे व्यक्तियों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग का भाव रखना चाहिए, ताकि वे बिना किसी संकोच के अपनी समस्या साझा कर सकें और समय पर उपचार प्राप्त कर सकें।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपने मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने, तनाव को नियंत्रित करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एसएमओ डॉ. मान सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी और आमजन मौजूद रहे।
……..x……..x……
