उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को 8 मार्च को किया जाएगा सम्मानित

 
 उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को 8 मार्च को किया जाएगा सम्मानित

रोहतक 

राज्य सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों को उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को 8 मार्च अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किये जाएंगे। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। 5 नवम्बर तक कोई भी महिला,  महिला एवं बाल विकास विभाग की वेबसाइट पर अपना आवेदन भेज सकती है। आवेदनों पर विभाग द्वारा बनाई गई कमेटी विचार कर पात्र महिलाओं को राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे। यह जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, रोहतक सुश्री दीपिका सैनी ने दी है।
सुश्री दीपिका सैनी ने बताया कि इन पुरस्कारों में एक राज्य स्तरीय पुरस्कार श्रीमती सुषमा स्वराज पुरस्कार है जिसके तहत समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला को 5 लाख रुपये एवं प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। एक राज्य स्तरीय पुरस्कार इन्दिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार है जिसके तहत डेढ़ लाख रूपये और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार के तहत 1 लाख रूपये और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। बहन शन्नो देवी पंचायत राज पुरस्कार के तहत भी एक लाख  रूपये और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।

लाइफ टाइम अचीवर्स अवार्ड के तहत 51 हजार रुपये एवं प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। सरकारी कर्मचारियों (महिलाओं के लिए) के लिए 4 पुरस्कार हैं। इसके तहत प्रत्येक को 21 हजार एवं प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे। सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए भी 4 पुरस्कार है जिसके तहत प्रत्येक विजेता को 21 हजार एवं प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे। महिला उद्यमियों के लिए भी 2 पुरस्कार हैं जिसके तहत प्रत्येक विजेता को 21 हजार एवं प्रशस्ति पत्र दिये जाएंगे। सुश्री दीपिका सैनी ने कहा कि डाक /कूरियर या ऑफलाइन माध्यम से आवेदन स्वीकार नहीं किये जाएंगे। केवल विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन माध्यम से भेजे गए आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली महिलाओं से अपील की है कि राज्य सरकार द्वारा महिलाओं की विशेष पहचान हेतु दिए जा रहे इन राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए आवेदन करें ताकि उनके समाज में अलग-अलग क्षेत्रों में दिये योगदान को पहचान मिल सके।