सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा समारोह में महिलाओं को दी पोषण एवं एनीमिया की जानकारी
- जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजू राणा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया जागरूकता कार्यक्रम
भिवानी, 8 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा हनुमान ढाणी में आंगन मिलन समारोह एवं मातृ संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता दांगी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजू राणा ने की। कार्यक्रम में भाजपा बबीता तंवर, वीना तंवर तथा नगर परिषद की चेयरपर्सन प्रीति भवानी तंवर, पार्षद जयबीर रंगा, कविता, अनिल एवं विनोद विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मातृ एवं बाल स्वास्थ्य सुधार के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। गर्भवती महिलाओं के लिए पारंपरिक गोद भराई और नवजात शिशुओं के लिए अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इसके साथ ही स्थानीय महिलाओं को पौष्टिक आहार एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए रेसिपी कॉम्पिटिशन आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं ने अपने गृह-निर्मित पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता दांगी ने महिलाओं को आत्म-निर्भर बनाने के लिए दिए जाने वाले ऋण और अपने विभाग की मुख्य स्कीमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं का आत्मनिर्भर होना जरूरी है। जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजू राणा ने विभाग की प्रमुख योजनाओं जैसे कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री मातृत्व सहायता योजना, आपकी बेटी-हमारी बेटी योजना तथा महिला एवं किशोरी सम्मान योजना के बारे में महिलाओं को जागरूक किया और इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सीडीपीओ किरण व ऊषा, सुपरवाइजर प्रगति, सुजाना और रेखा ने महिलाओं को पौष्टिक भोजन की जानकारी दी।
मुख्य मेहमानों ने कार्यक्रम में उपस्थित 490 से अधिक महिलाओं के साथ मातृ संवाद स्थापित किया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कार्यकर्ताओं और प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
