लायंस क्लब सिरसा ग्रीन की नारी शक्ति ने वृद्धाश्रम में किया 'पितृ-यज्ञ', बुजुर्गों के संग आहुति डालकर लिया आशीर्वाद

 
 लायंस क्लब सिरसा ग्रीन की नारी शक्ति ने वृद्धाश्रम में किया 'पितृ-यज्ञ', बुजुर्गों के संग आहुति डालकर लिया आशीर्वाद

सिरसा। पितृपक्ष के पावन अवसर पर लायंस क्लब सिरसा ग्रीन की नारी शक्ति ने सेवा और सम्मान की अनूठी मिसाल पेश की है। क्लब की ओर से चत्तरगढ़पट्टी स्थित वृद्धाश्रम में ‘प्रोजेक्ट पितृ-यज्ञ’ (सम्मान बुजुर्गों का) का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान क्लब की सदस्यों ने आश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के साथ आत्मीय पल बिताए, उनकी बातें सुनीं और उन्हें परिवार जैसा स्नेह देकर सम्मानित महसूस कराया।

कार्यक्रम में वैदिक परंपरा के अनुसार ‘यज्ञो वै श्रेष्ठतमं कर्म’ के ध्येय वाक्य को चरितार्थ करते हुए शास्त्री रविंदर आर्य के सानिध्य में विधि-विधान से अग्निहोत्र (यज्ञ) संपन्न कराया गया। आश्रम के बुजुर्गों ने क्लब सदस्यों के साथ आहुतियां डालकर विश्व कल्याण और सुख-शांति की कामना की।

इस सेवा कार्य में लायंस डिस्ट्रिक्ट की फर्स्ट लेडी अंजू गांधी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने लायन लेडीज के सेवा कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी सेवा ही सच्चा धर्म है। वहीं रीजन की फर्स्ट लेडी शिल्पा वधवा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होकर क्लब के इस मानवीय प्रयास की हौसला अफजाई की। यह आयोजन लायंस क्लब सिरसा ग्रीन की प्रधान माही वाधवा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रोजेक्ट चेयरपर्सन संतोष सेठी और शिवानी सलूजा के प्रयासों की विशेष भूमिका रही। इस मौके पर क्लब की सम्मानित सदस्यों में उषा मेहता, सीमा कालड़ा, सुनीता बजाज, आशा मेहता, साक्षी मेहता, दर्शना मेहता और आशा विपिन मेहता प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में क्लब पदाधिकारियों ने वृद्धाश्रम के सुनियोजित प्रबंधन और सहयोग के लिए प्रशासनिक अधिकारी अशोक कुमार का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।